बैजनाथ में घर से 500 मीटर दूर मिला व्यक्ति का कंकाल, परिवार के सदस्यों ने कपड़ों से की पहचान
थाना बैजनाथ के तहत पपरोला के निकटवर्ती गांव खड़ा नाल के जंगल में एक नर कंकाल मिला है।
बैजनाथ, जेएनएन। पुलिस थाना बैजनाथ के तहत पपरोला के निकटवर्ती गांव खड़ा नाल के जंगल में एक नर कंकाल मिला है। यह कंकाल गांव के ही एक व्यक्ति का है। व्यक्ति की पहचान कपड़ों से हुई है। बताया जा रहा है यह शव खड़नाल गांव के ही पिंजू राम का है। उक्त शख्स दिहाड़ी लगाने का काम करता था। वह चार-पांच महीने से लापता थे। पिंजू राम का शव उनके घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर बरामद हुआ है।
पिंजू राम के परिजनों ने कपड़ों से उसकी पहचान की है। पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
भरमौर में खाई में गिरने से वृद्ध की मौत
उपमंडल भरमौर की पंचायत पूलन में मंगलवार रात खाई में गिरने से 62 वर्षीय निधिया राम पुत्र अंगत राम की मौत हो गई। पुलिस ने शव स्वजनों को सौंप दिया है। निधिया राम मंगलवार को किसी कार्य के सिलसिले में निकटवर्ती गांव में गया था। रात को लौटते समय घर से कुछ ही दूरी पर जुकेढ़ में खाई में गिर गया और मौत हो गई। पंचायत उपप्रधान शुभकरण ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता मुहैया करवाने की प्रशासन से गुहार लगाई है।
पालमपुर में भवन निर्माण कार्य करने पर केस दर्ज
लॉकडाउन एवं कफ्यरू के दौरान निर्माण कार्य किए जाने को लेकर पालमपुर पुलिस ने भवन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं निर्माण कार्य को रुकवाकर कार्रवाई आरंभ कर दी है। पालमपुर के एक संस्थान में बाहरी राज्यों के आठ-दस श्रमिक भवन निर्माण में जुटे हुए थे। किसी ने उपमंडल प्रशासन सहित पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी। प्रशासन के आदेशों पर पालमपुर पुलिस ने मौका पर जाकर निर्माण कार्य रुकवाया और भवन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया। मामले की पुष्टि डीएसपी अमित शर्मा ने की है।