पालमपुर होली महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में चला शैरी मान का जादू, अरविंद ने भी नचाए दर्शक
Sharry Mann राज्यस्तरीय होली महोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी और हिमाचली कलाकारों ने मिलकर समां बांधते हुए दर्शकों का मनोरंजन किया।
पालमपुर, जागरण संवाददाता। राज्यस्तरीय होली महोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी और हिमाचली कलाकारों ने मिलकर समां बांधते हुए दर्शकों का मनोरंजन किया। मौसम के खुशनुमा रहने और होली खेलने से फारिग हुई जनता का गायकों ने मनोरंजन किया। पंजाबी कलाकार शैरी मान ने आटे दी चिड़ी से कार्यक्रम का आगाज किया। उसके बाद बड़े चेते ओहदे ने यार उनमुल्ले, जिथे चर्चा सी यारां दी यारी दा, नी चंडीगढ़ वालिये नी मुंडे यार आदि गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया।
वायस ऑफ इंडिया फेम अरविंद ढडवाल ने दो दिल मिल रहे हैं, से शुरुआत करते हुए होली के गीतों खाई के पान बनारस वाला और रंग बरसे भीगे चुनर वाली रंग बरसे और देखा हाए ने सोचा से युवाओं को जमकर नचाया। इससे पहले युवा गायक कुमार साहिल तुझे कितना चाहने लगे हम, परदा है परदा, अल्लाह वारियां, हल्का-हल्का शुरूर गीतों के माध्यम से जनता का मनोरंजन किया। लोक कलाकार धीरज शर्मा ने शिव कैलाशों के वासी से शुरुआत करते हुए फौजी भाइयों के लिए पहाड़ी गीत भला सिपाहिया डोगरिया गीत को प्रस्तुत किया।
इससे पूर्व चंबा से आए कलाकार काकू राम ठाकुर पंजाबी गीत यारा-दिलदारा, इश्क दा गिरदा, तेरे पीछे अंखियां दी नींद गई गीतों को प्रस्तुत किया। वहीं हिमाचली लोक कलाकार सावन जरियाल ने पहाड़ी गीत बसा च आई यो तेरी याद से दर्शकों का मनोरंजन किया। इससे पहले सांसद किशन कपूर ने होली महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। उनके साथ प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर, हिमांशु मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष विनय शर्मा, जिलाध्यक्ष कांगड़ा भाजपा चंद्रभूषण नाग, मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु भट्ट, पूर्व अध्यक्ष संजीव सोनी समेत अन्य मौजूद रहे।
और सांसद के खिलाफ उठी आवाज
सांस्कृतिक संध्या के बीच सांसद किशन कपूर लोगों को संबोधित करने के लिए आए तो लोगों को यह अच्छा नहीं लगा। शैरी मान के गीतों की फरमाइश करते हुए लोग सांसद को बैठने के लिए जोर-जोर से हूटिंग करने लगे। इससे पूर्व भी सांसद के हां और न के चक्कर में होली महोत्सव समिति सदस्य घूमते रहे। पहले सांसद ने कार्यक्रम में आने से इन्कार कर दिया था और बाद में आ ही गए।