शांता कुमार ने थपथपाई जेपी नड्डा की पीठ
praised of JP Nadda. केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार महिला सशक्तिकरण को लेकर कई योजनाएं चला रही है।
नूरपुर, संवाद सहयोगी। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक रविवार को नूरपुर के निकट बौढ़ में शुरू हुई। बैठक के पहले चरण केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा व सांसद शांता कुमार, प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष इंदू गोस्वामी व विधायक राकेश पठानिया सहित पार्टी के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
सांसद शांता कुमार ने इस मौके पर कहा कि केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा अपने शानदार ढंग से स्वास्थ्य विभाग चला रहे हैं व लोगों के कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं शुरू की गई है, जोकि सीधे गरीबों से जुड़ी हुई है। शांता कुमार ने कहा कि समाज में महिलाओं का एक विशेष स्थान हैं। उन्होंने आयुष्मान योजना को प्रभावशाली ढंग से लागू करने के लिए जेपी नड्डा की पीठ थपथपाई । उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में महिलाओं की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होगी । उन्होंने महिलाओं को अभी से ही चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आगे लाने में भाजपा कार्य कर रही है। उन्होंने महिलाओं को मोदी सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों को घर घर तक पहुंचाने की अपील की।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार महिला सशक्तिकरण को लेकर कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि देश के 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना के साथ जोड़ा गया है। नड्डा ने कहा कि देश भर में 33 करोड़ लोगों के जनधन योजना के तहत बैंक के खाते खोले गए हैं जिनमें साढ़े 17 करोड खाते महिलाओ के है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें मुद्रा योजना के तहत कर्ज उपलब्ध करवाया गया है। नड्डा ने मोदी सरकार द्वारा चलाई जा रही कई योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को मोदी सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को घर घर तक पहुंचाने की अपील की।
प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष इंदू गोस्वामी ने पार्टी केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा व सांसद शांता कुमार सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया। उन्होंने महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने के लिए वाले से वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष एवं कांगड़ा बैंक के अध्यक्ष डॉ. राजीव भारद्वाज, प्रदेश भाजपा के महासचिव कृपाल परमार व भाजपा सोशल मीडिया के संयोजक चेतन बरागटा सहित कई नेता मौजूद रहे।