शांता कुमार का दूसरी राजधानी पर बड़ा बयान, कसौली लिटफेस्ट को बताया उचित, पढ़ें पूरी खबर
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने धर्मशाला में प्रदेश की दूसरी राजधानी स्थापित करने पर बड़ा बयान दिया है।
धर्मशाला, जेएनएन। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने धर्मशाला में प्रदेश की दूसरी राजधानी स्थापित करने पर बड़ा बयान दिया है। शांता ने कहा जब देश की एक राजधानी है तो प्रदेश में दो राजधानी बनाने का क्या औचित्य है। शांता ने कहा हिमाचल जैसे राज्य में एक राजधानी ही काफी है। उन्होंने कसौली में हुए लिटफेस्ट पर हुए विवाद पर कहा कि संवाद पर विवाद नहीं होना चाहिए। लिटफेस्ट का आयोजन किया जाना उचित कदम है व मैं भी इसके पक्ष में हूं।
शांता कुमार ने धर्मशाला उपचुनाव पर कहा कि धर्मशाला में बुद्धिजीवी बसते हैं। प्रबुद्ध मतदाता जाति और वर्ग के आधार को दरकिनार रखकर मतदान करेंगे। उन्होंने कहा धर्मशाला में त्रिकोणीय मुकाबले की बातें महज अफवाह है। बीते लोकसभा चुनाव में भी धर्मशाला और जिला की जनता ने जातिवाद को नकार भाजपा को जीत दिलाई थी। शांता कुमार ने कहा उन्हें कांग्रेस की हालत पर दुख हो रहा है। देश मे विपक्ष होना बहुत जरूरी है और कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी होने के नाते एक अच्छा विकल्प थी। लेकिन आज कांग्रेस पार्टी नेता विहीन हो गई है। शांता कुमार ने कहा उनकी इच्छा है कि कांग्रेस नेहरू परिवार से बाहर निकलकर खड़ी हो।
उन्होंने कहा धर्मशाला की जनता खुशनसीब है कि एक माह के भीतर दो बड़े कार्यक्रम हो रहे हैं। 7 व 8 नवंबर को इन्वेस्टर मीट और इससे पहले 21 अक्तूबर को वोटर मीट। इन्वेस्टर मीट एक ऐतिहासिक कार्यक्रम है। शांता ने कहा इस बार हम कह सकते हैं कि हमारी आैद्योगिक नीति सबसे बेहतर है। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर, सांसद किशन कपूर, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा और संजय शर्मा भी मौजूद रहे।