ब्यास में डूबे दो युवकों में आज दूसरे युवक का भी शव बरामद हुआ
देहरा के पास ब्यास नदी में बुधवार को डूबे दूसरे युवक का शव भी आज बरामद कर लिया है। एनडीआएएफ की टीम ने सुबह करीब सात बजे उसे ढूंढ निकाला। मृतक की पहचान नैहरनपुखर के राहुल के रूप में हुई है।
देहरा, संवाद सहयोगी। देहरा के पास ब्यास नदी में बुधवार को डूबे दूसरे युवक का शव भी आज बरामद कर लिया है। एनडीआएएफ की टीम ने सुबह करीब सात बजे उसे ढूंढ निकाला। मृतक की पहचान नैहरनपुखर के राहुल के रूप में हुई है। दो युवक अलग अलग जगहों पर ब्यास खड्ड में डूबे थे, एनडीआरएफ ने बीते रोज एक शव बरामद कर लिया था पर राहुल का कोई पता नहीं चल रहा था, आज सुबह राहुल का शव भी बरामद हो गया। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
ऐसे हुई घटना
नैहरन पुखर और इसके आसपास के इलाके के छह लड़के बुधवार बाद दोपहर किसी साथी के बर्थ डे की पार्टी मनाने ब्यास किनारे आए थे। बताया जा रहा है कि इनमें से चार लड़के नदी में नहाने उतर गए। बरसात को मौसम होने की वजह से इन दिनों ब्यास में कई फुट गहरा पानी है। नहाते समय राहुल डूबने लगा। बाकी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी के अंदर चला गया। इसके बाद घबराहट में पांचों वहां से अपनी बाइकों पर नैहरनपुखर स्थित राहुल के घर पहुंचे और घटना की जानकारी दी। साहिल के पिता विजय कुमार कबाड़ का काम करते हैं। घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने सूचना दी तो पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने उसकी तलाश शुरू की। फिर एनडीआरएफ की टीमों ने जांच शुरू की।
यह बोले डीएसपी
उधर, डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम शुक्रवार सुबह करीब छह बजे की सर्च आपरेशन में जुट गई थी। पहले बोट के जरिये पानी में प्रेशर बनाया गया। थोड़ी देर बाद शव मिल गया। शव किनारे से करीब 40 फुट दूर और 15 फुट गहराई में मिला है।