पुरानी जगह पर ही बनेगा सौरभ वन विहार, शांता कुमार ने सीएम से मांगी राहत
बादल फटने से आई बाढ़ में बह गए पालमपुर के सौरभ वन विहार को फिर से पुराने ही स्थल में बनाया जाएगा। शांता कुमार ने इस बारे जानकारी दी है।
जेएनएन, पालमपुर। सौरभ वन विहार का निर्माण पुराने ही स्थान पर किया जाएगा। यह निर्णय सौरभ विहार के सलाहकार बोर्ड के सभी सदस्यों और बुद्धिजीवियों से चर्चा के बाद किया गया है। यह बात जारी बयान में सांसद शांता कुमार ने कही। उन्होंने कहा कि इस निर्णय बारे मुख्यमंत्री को भी वस्तुस्थिति से अवगत करवाया गया है। शांता कुमार ने कहा कि सौरभ कालिया विहार कारगिल युद्ध के शहीद की स्मृति में बनाया गया है। इस के साथ शहीद परिवार और पूरी जनता की भावनाएं जुड़ी हैं। बाढ़ से हुए नुकसान के कारण सभी आहत हैं आैर इसका अति शीघ्र पुनर्निर्माण चाहते है।
उन्होंने कहा कि सौरभ कालिया विहार में लगभग एक करोड़ रुपये से एक झील बनाई गई थी। उसमें नौका विहार होता था। हिमाचल प्रदेश में अपने प्रकार का पहला एक्योरियम लगभग 30 लाख रुपये का और चंडीगढ़ के प्रसिद्ध कलाकार नेक राम की सलाह से लगभग 40 लाख रुपये से कारगिल युद्ध का दृश्य बनाया गया था। शहीद की प्रतिमा भी लगाई गई थी।
करोड़ो रुपये के इस सारे विहार को बाढ़ के कारण नुकसान तो पहुंचा है, परंतु इस सबका आधार सुरक्षित है। बाढ़ के कारण रेत आैर पत्थर जमा हो गए है। सभी की सहमति से इस कारण इसी स्थान पर फिर से स्मारक को बनाने का निर्णय किया गया। शांता कुमार ने कहा कि सबसे आवश्यक न्युगल नदी के कारण आए पानी के बहाव के रास्ते को रोकने के लिए एक सुरक्षा दीवार बनाने की आवश्यकता है। उस सारे क्षेत्र के गांव और भूमि को बचाने के लिए इस सुरक्षा दीवार की वैसे भी आवश्यकता है।
इस सुरक्षा दीवार पर कम से कम तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से विशेष आग्रह किया है कि बाढ़ राहत कोष से यह राशी हिमाचल सरकार तुरंत स्वीकृत करें। भारत सरकार की आेर से सौरभ कालिया विहार विकास के लिए 3 करोड़ रुपये आया था। बाकी सारे विहार की गतिविधियों को फिर से सब प्रकार से ठीक करने के लिए यह धन पर्याप्त है। शांता कुमार ने सबके विचार-विमर्श से बनी सहमति के आधार पर मुख्यमंत्री से विशेष आग्रह किया है कि बाढ़ सुरक्षा के लिए हिमाचल सरकार अति शीघ्र यह धन स्वीकार करे और वन विभाग भारत सरकार से आए धन से सौरभ कालिया विहार की मुरम्मत इत्यादि करने का प्रयत्न करे।