पर्यटन नगरी धर्मशाला में बरसे बादल, गर्मी से मिली राहत
धर्मशाला में रविवार शाम को बारिश हुई लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है।
धर्मशाला, जेएनएन। पर्यटन नगरी धर्मशाला में रविवार शाम को बारिश हुई, लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है। शाम के वक्त करीब एक से डेढ़ घंटे तक बादल जमकर बरसे। इससे जिलेभर के लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। खनियारा व मैकलोडगंज क्षेत्र में दो घंटे से ज्यादा समय तक बादल बरसे, जबकि धर्मशाला शहर में 15 से 20 मिनट तक ही बारिश हुई।
इससे पूर्व सुबह से लेकर दोपहर बाद तक खूब गर्मी पड़ी। धर्मशाला में इस बार गर्मी ने पिछले वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पिछले साल 26 व 27 मई को सबसे ज्यादा 33.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था। इस बार पहली जून को पारा 34 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। धर्मशाला में शनिवार गर्मियों के सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
24 घंटों के दौरान प्वाइंट आठ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शनिवार को न्यूनतम पारा भी प्वाइंट 6 के उछाल के साथ 18.2 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी, लेकिन रविवार को बारिश होने से लोगों को कुछ हद तक राहत मिली है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप