कुश्ती अखाड़े में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयारी कर रहे सरकाघाट के 23 वर्षीय पहलवान की मौत
Sarkaghat Wrestler death उपमंडल सरकाघाट की जुकैंन पंचायत के 23 वर्षीय युवक की कुश्ती अखाड़े में प्रशिक्षण के दौरान मौत हो गई।
सरकाघाट, जेएनएन। उपमंडल सरकाघाट की जुकैंन पंचायत के 23 वर्षीय युवक की कुश्ती अखाड़े में प्रशिक्षण के दौरान मौत हो गई। सुनील कुमार पुत्र गजन सिंह गांव जुकैंन डाकघर नबाही तहसील सरकाघाट की हरियाणा के सोनीपत में एक कुश्ती अखाड़े में राष्ट्रीय स्पर्धा में भाग लेने के लिए तैयारी कर रहा था। मिली जानकारी के अनुसार सुनील कुमार स्कूल स्तर से ही काॅलेज तक कुश्ती का राष्ट्रीय चैंपियन था।
सुनील कुमार हरियाणा के सोनीपत में अप्रैल में होने वाली कुश्ती की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तैयारी कर रहा था। परिवार वालों के अनुसार बीते दिन सुबह जब वह अखाड़े में अभ्यास कर रहा था तो अचानक उसके साथ ही कुश्ती का अभ्यास कर रहे अन्य पहलवान से उसके शरीर के नाज़ुक अंगों पर चोट लग गई और वह अखाड़े में ही बेहोश हो गया। अखाड़े के प्रभारी ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन वह उस समय तक दम तोड़ चुका था।
अखाड़े के प्रभारी ने सुनील कुमार के परिवार वालों और पुलिस को घटना के बारे में सूचना दी तथा हरियाणा पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार के हवाले कर दिया। हरियाणा पुलिस ने सरकाघाट की पुलिस को भी घटना की सूचना दी। सुनील कुमार का पार्थिव शरीर सुबह उसके पैतृक गांव जुकैंन पंहुचा और उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
हासिल की थीं कई उपलब्धियां
सुनील कुमार स्थानीय रविद्र नाथ टैगोर महाविद्यालय सरकाघाट की ओर से कुश्ती की राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के जूनियर वर्ग में खेला था और उसे स्वर्ण पदक विजेता घोषित किया गया था। वर्ष 2018 में बिलासपुर जिले के मुख्यालय पर हुए कुश्ती प्रतियोगिता में हिमाचल केसरी उपविजेता घोषित किया गया था।
जताया शोक
सुनील कुमार की आकस्मिक मौत पर सरकाघाट काॅलेज के पूर्व प्राचार्य डॉक्टर श्याम सिंह ठाकुर, प्रोफेसर बृजलाल गोयल, डॉक्टर राजीव राणा, डॉक्टर गुलशन कुमार, प्रोफेसर महेंद्र सिंह गुलेरिया सहित अन्य लोगों ने गहरा शोक प्रकट करते हुए शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।