Republic Day Parade: यहां खून जमा देनी वाली ठंड में भी दिखा देशभक्ित का जज्बा, शान से लहराया तिरंगा; देखें तस्वीरें
हिमाचल प्रदेश में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। शिमला में राज्यस्तरीय समारोह में राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय और सीएम जयराम ठाकुर ने ध्वजारोहण किया।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। शिमला में राज्यस्तरीय समारोह में राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय और सीएम जयराम ठाकुर ने ध्वजारोहण किया। जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति के केलंग और किन्नौर जिला के रिकांगपिओ में खून जमा देने वाली ठंड में भी तिरंगा फहाराया गया। केलंग में उपायुक्त केके सरोच ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। केलंग में सुबह धूप खिली होने के कारण तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस में नहीं था। सुबह 11 बजे तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बर्फ के ऊपर पुलिस जवानों ने तिरंगे को सलामी दी। उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद ने परेड की सलामी व परेड का निरीक्षण किया। मुख्य अतिथि ने गणतंत्र दिवस पर सभी को बधाई दी व खुशहाल जीवन की कामना की। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्य बनाए रखने के लिए कुर्बानी देने वाले महान व्यक्तियों को स्मरण किया।
धर्मशाला में डॉक्टर राजीव सैजल ने किया ध्वजारोहण
धर्मशाला के पुलिस मैदान में जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉक्टर राजीव सैजल ने बताैर मुख्य अतिथि शिरकत की। डॉक्टर सैजल ने ध्वजारोहण किया व परेड की सलामी भी ली। विभिन्न स्कूलों व सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
सीएम ने अभिराज और कंगना को दी बधाई
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने पद्मश्री मिलने पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रोसेसर रहे अभिराज राजेंद्र मिश्रा को बधाई दी। उन्होंने कहा संस्कृत के क्षेत्र में उनके लेखन के योगदान को सम्मानित किया गया है। इसी तरह हिमाचल से बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत को भी इसी सम्मान से नवाजा गया है। उन्हें भी मुख्यमंत्री सहित कार्यक्रम में मौजूद सभी नेताओं ने बधाई दी।
राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस के मौके पर रिज मैदान पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कार्यक्रम में शिरकत की। उनके अलावा राज्य के शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, मुख्य सचेतक नरेंद्र, विधायक बलबीर वर्मा सहित राज्य सरकार के आला अधिकारी भी मौजूद रहे।
शिमला में राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की परेड देखने के लिए हजारों लोग उमड़ आए। दर्शकों के लिए रखी सारी कुर्सियां सुबह ही भर गई थीं। सुरक्षा की दृष्टि से शिमला में पुलिस का कड़ा सुरक्षा पहरा लगाया गया था।