शिमला सहित ऊपरी क्षेत्रों में ओलावृष्टि, गर्मी से मिली राहत
जिला कांगड़ा और चंबा में मंगलवार सुबह बारिश से लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है।
धर्मशाला, जेएनएन। जिला कांगड़ा व चंबा में सुबह बारिश के बाद शाम को शिमला में हुई ओलावृष्टि से गर्मी से काफी राहत मिली है। मंगलवार दोपहर समूचे प्रदेश में बादल छाए रहे व शाम के वक्त शिमला सहित अन्य ऊपरी क्षेत्रों में ओलावृष्टि व बारिश हुई है। इससे लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है। निचले जिलों में भी मंगलवार को अन्य दिनों की तुलना में तापमान कम रहा। हालांकि, आेलावृष्टि से बागवानों को जरूर नुकसान हुआ है। सेब के छोटे-छोटे फल टूटकर नीचे गिर गए हैं।
जिला कांगड़ा और चंबा में मंगलवार सुबह बारिश से लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। मौसम विभाग ने पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने का अलर्ट जारी किया हुआ है। प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज बारिश व तूफान होने की आशंका भी जताई गई है।
14 साल बाद ऊना का तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस
शिमला। हिमाचल के ऊना जिला में 14 साल बाद सोमवार को सबसे अधिक गर्म दिन दर्ज किया गया। 21 जून 2005 के बाद ऊना में तापमान सबसे उच्चस्तर पर 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी से जिला में दिन में कर्फ्यू जैसे हालात हो गए हैं। हालांकि, मंगलवार को मौसम ने राहत दी है। प्रदेश के कई इलाकों में बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को शिमला का तापमान भी पांच साल में सबसे उच्चस्तर पर दर्ज किया गया। शिमला का सबसे उच्च तापमान 2007 में 31.5 दर्ज किया गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप