रोहतांग दर्रे समेत पहाडि़यों पर बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में बारिश ने दी गर्मी से राहत
प्रदेश के अधिकतर इलाकों में सुबह से बारिश हो रही है। इससे तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है।
धर्मशाला, जेएनएन। रोहतांग दर्रे समेत हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है। पहाड़ी क्षेत्र में घूमने गए पर्यटक बर्फबारी का खूब आनंद ले रहे हैं। वहीं, रोहतांग दर्रे पर बर्फबारी के बीच यातायात जाम लग रहा है। प्रदेश के अधिकतर इलाकों में सुबह से बारिश हो रही है। इससे तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। हालांकि, बारिश के साथ तूफान भी चला जिससे कई जगह पेड़ उखड़ गए। कांगड़ा के नटेहर में पेड़ उखड़कर घर पर गिर गया, जिससे काफी नुकसान हुआ है। कई जगह घरों की छतें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। पर्यटन जिला कुल्लू में भी बारिश का दौर जारी है। खराब मौसम में रोहतांग व लेह की ओर जाने वाले वाहनों को रोका जा सकता है।
उधर, ऊना में भी आसमान से राहत की बूंदें टपकी हैं। कई दिनों से लगातार 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहे पारे से परेशान ऊना के लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली है। आसमान पर काली घनघोर घटाएं छाई हुई हैं। हालांकि पांच मिनट के बाद ही बारिश थम गई। लेकिन आसमान पर बादल होने से बारिश के आसार बने हुए हैं।
रोहतांग सहित इन चोटियों पर भी गिरे फाहे
रोहतांग दर्रे में बुधवार सुबह कुछ समय के लिए हल्की बर्फबारी हुई। बर्फ के फाहे गिरते देख सैलानी झूम उठे। इन दिनों पर्यटन नगरी मनाली सहित सोलंगनाला, वशिष्ठ, मनाली गांव, जगतसुख, नग्गर सहित पूरी घाटी में पर्यटन सीजन जोरों पर है। बुधवार को रोहतांग दर्रे सहित धुंधी की पहाड़ियों, मनालसू जोत, भृगु व दशौहर जोत, मकरवेद व शिकरवेद की पहाडिय़ों, हामटा जोत, हनुमान टिब्बा व इंद्र किला में बर्फ के फाहे गिरे। लाहुल घाटी के लेडी ऑफ केलंग जोत, दारचा की पहाडिय़ों सहित समस्त ऊंची चोटियों में भी हल्की बर्फ़बारी हुई है। बीआरओ ने रोहतांग दर्रे को और बारालाचा दर्रे को बहाल कर लाहुल व लेह को कुल्लू से तो जोड़ दिया है लेकिन मनाली काजा मार्ग में चल रहा सड़क बहाली के कार्य बर्फ़बारी ने प्रभावित कर दिया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप