Himachal Weather: प्रदेश में धीमा पड़ा मानसून, जानिए कब बरसेंगे मेघ
हिमाचल प्रदेश में मानसून की चाल अब धीमी पड़ने लगी है। अब दो से तीन दिन बाद ही कहीं-कहीं पर बारिश हो रही है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में 14 सितंबर तक मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्यम पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और गर्जन का पूर्वानुमान लगाया है। हालांकि, हिमाचल प्रदेश में मानसून की चाल अब धीमी पड़ने लगी है। अब दो से तीन दिन बाद ही कहीं-कहीं पर बारिश हो रही है। ऐसे में बढ़ती गर्मी और उमस से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन मौसम विभाग ने मंगलवार से प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई है। सोमवार को भी कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ सकती हैं।
रविवार को अधिकतर स्थानों पर मौसम साफ रहा। दिनभर बादलों का सूर्यदेव के साथ लुका-छिपी का खेल चलता रहा। इससे तापमान में एक से दो डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई है। उधर, भारी बरसात की वजह से प्रदेश के कुछ स्थानों पर बाधित हुई सड़कें अभी तक बहाल नहीं हो पाई हैं। करीब 12 सड़कों पर यातायात बंद पड़ा हुआ है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार सोमवार को सभी सड़कों के खुल जाने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार 14 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का क्रम जारी रहेगा। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि अब मानसून धीमा पड़ गया है। ऐसे में 14 सितंबर के बाद अधिक बारिश की संभावना नहीं है।
कहां, कितना रहा तापमान
- स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
- शिमला,17.0,24.6
- सुंदरनगर,23.5,32.7
- भुंतर,21.0,33.2
- कल्पा,11.6,26.0
- धर्मशाला,21.4,28.6
- ऊना,25.4,35.4
- सोलन,20.6,31.5
- बिलासपुर,25.0,33.4