Himachal Weather Update: प्रदेश में बारिश और बर्फबारी से ठंड बढ़ी, आज भी बारिश की संभावना
हिमाचल प्रदेश के मैदानी व मध्य ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट आ गई है।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के मैदानी व मध्य ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट आ गई है। सुबह शाम समूचे प्रदेश में ठंड पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार प्रदेश में दो अक्टूबर तक बारिश का क्रम जारी रह सकता है। शनिवार को अधिकतर क्षेत्रों में बारिश हुई। मौसम के करवट बदलते ही मनाली सहित लाहुल-स्पीति की चोटियों में बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया। फाहे गिरने व बारिश से तापमान में गिरावट आ गई है। प्रदेश में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे ठंड बढ़ गई है।
रोहतांग दर्रे में हल्की बर्फबारी होने से वाहनों की आवाजाही सुचारू रही। बारालाचा दर्रे में बर्फबारी होने से मनाली-लेह मार्ग कभी भी वाहनों के लिए बंद हो सकता है। रोहतांग के उस पार बारालाचा, शिंकुला जोत, कुंजंम जोत, छोटा व बड़ा शिघरी ग्लेशियर, लेडी ऑफ केलंग व नील कंठ की पहाडिय़ों सहित समस्त चोटियों में बर्फ के फाहे गिरे। धुंधी जोत, मकरबेद-शिकरबेद, हनुमान टिब्बा, इंद्र किला, चंद्रखणी, भृगु व दशौहर की पहाडिय़ों पर बर्फबारी हुई। एसडीएम केलंग अमर नेगी ने लेह आने जाने वालों से आग्रह किया कि वे मौसम की परिस्थितियों को देखकर ही दारचा से आगे का रुख करें।
प्रदेश के कई क्षेत्रों में शनिवार को सुबह से बारिश का क्रम जारी रहा। प्रदेश में सबसे अधिक 22 मिलीमीटर बारिश चंबा जिला के बकलोह में हुई। बारिश के कारण हुए भूस्खलन से प्रदेश में छह सड़कें बंद रहीं। इसके अलावा सात मकानों व दुकानों और चार पशुशालाओं को नुकसान पहुंचा है। बारिश के कारण प्रदेश में एक दिन में 83 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। प्रदेश में इस बार बरसात से अब तक करीब 1219 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। सबसे अधिक नुकसान लोक निर्माण विभाग को 696 करोड़ रुपये का हुआ है।
कहां कितनी हुई बारिश
- स्थान,बारिश
- बकलोह,22
- धर्मशाला,08
- भुंतर,07
- शिमला,05
- सोलन,03
- मनाली,02
- मंडी,02(बारिश मिलीमीटर में)