स्कूल-कॉलेज के पास शराब ठेका ठेका खोलने पर फूटा जनाक्रोश, महिलाओं और पंचायत ने खोला मोर्चा
डाडासीबा के संसारपुर टैरेस में शिक्षण संस्थानों के पास शराब ठेके के विरोध में स्थानीय लोगों, महिला मंडल और पंचायत प्रतिनिधियों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
-1790982244184_m.webp)
शिक्षण संस्थानों के पास शराब ठेका खोलने पर फूटा जनाक्रोश
HighLights
संसारपुर टैरेस में शराब ठेके के खिलाफ स्थानीय लोगों का प्रदर्शन
शिक्षण संस्थानों के पास ठेके से छात्रों, महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता
आबकारी विभाग ने मामले की जांच का आश्वासन दिया
संवाद सूत्र, डाडासीबा। संसारपुर टैरेस में शिक्षण संस्थानों के बिल्कुल नजदीक शराब का ठेका खोले जाने को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को महिला मंडल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्राम पंचायत प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्यों तथा जिला परिषद सदस्य शुभम की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने ठेके के विरोध में जोरदार रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शासन और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शराब ठेके को तत्काल अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शिक्षण संस्थानों के नजदीक शराब का ठेका होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में स्कूल-कालेज के आसपास शराब ठेका होना सामाजिक माहौल और विद्यार्थियों के हित में उचित नहीं है।
जिला परिषद सदस्य शुभम व पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि ठेके की शिक्षण संस्थानों से दूरी बेहद कम है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे निर्धारित नियमों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने प्रशासन और आबकारी विभाग से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर ठेके को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की।
महिला मंडल की सदस्यों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने आबकारी विभाग से जनभावनाओं और विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए ठेके को तत्काल बंद अथवा स्थानांतरित करने की मांग की। वहीं, इस मामले में एक्साईज इंस्पेक्टर आशीष ने बताया कि ठेका बहुत समय पहले का खुला है व शिक्षण संस्थान से उचित दूरी पर होगा तभी इसको अप्रूव किया गया है व अगर लोगों का इसपर विरोध है तो इसकी जांच की जाएगी।
