आज नगर परिषद मैदान कांगड़ा में होगी 51 बंपर पुरस्कारों की घोषणा, रामलीला सभा देगी पुरस्कार
सत्य की राह कठिन अवश्य है लेकिन जीत अवश्य सत्य की ही होती है। भगवान राम से हमें यह सीख मिलती है। इसलिए भगवान श्री राम के आदर्शों पर ही हमें चलना चाहिए और सत्य का मार्ग अपनाना चाहिए।
कांगड़ा, संवाद सहयोगी। सत्य की राह कठिन अवश्य है, लेकिन जीत अवश्य सत्य की ही होती है। भगवान राम से हमें यह सीख मिलती है। इसलिए भगवान श्री राम के आदर्शों पर ही हमें चलना चाहिए और सत्य का मार्ग अपनाना चाहिए। जिला परिषद सदस्य कुलभाष चौधरी बतौर मुख्यातिथि नगर परिषद मैदान में चल रहे रामलीला मंचन के दौरान संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राम लीला में निभाए जाने क़रिदार से हर कोई ना कोई सीख अवश्य मिलती है।
रामलीला का आयोजन नगर परिषद मैदान में राम लीला सभा की ओर से किया जा रहा है। जिसमें जिला परिषद सदस्य कुलभाष चौधरी व जमानाबाद प्रधान कुलदीप चौधरी ने भी शिरकत की। वहीं उनके साथ रमेश महेशी, लक्की सहोडा आदि मौजूद रहे। इस दौरान राम लीला सभा के सदस्यों ने मुख्य अतिथि को सम्मानित भी किया। ज़िला परिषद सदस्य कुलभाष चौधरी ने सभा को 5100 रुपये दान में दिए। वहीं अपनी ओर से भाग्यशाली तीन बच्चों को 201 रुपये तीनों को अलग अलग दिए।
वहीं रामायण प्रतियोगिता में 10 बच्चों को ईनाम देकर पुरस्कृत किया गया। रामलीला सभा के अध्यक्ष अजय वर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार दशहरा उत्सव पर आज 51 बंपर पुरस्कार निकाले जाएंगे। जिसके लिए कार्ड रामलीला मंच व चुनिंदा व्यापारिक प्रतिष्ठानों से दस रुपये देकर प्राप्त कर सकते हैं। मुख्य अतिथि ने रामलीला के सफल संचालन के लिए आयोजकों को बधाई दी। इस मौके पर राम लीला सभा कांगड़ा के प्रधान अजय वर्मा, उपाध्यक्ष राकेश मेहरा, राम स्वरूप वर्मा, सुनील महाजन, संजय कोच, अतुल चौधरी, राजेश चौधरी, मनोज कुमार सोनू मेहरा व अन्य सदस्य मौजूद रहे।