President Ram Nath Kovind: खराब मौसम के कारण तीन घंटे देरी से हुई राष्ट्रपति के हेलिकाप्टर की उड़ान
President Ram Nath Kovind राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के चार दिवसीय हिमाचल दौरे का आज आखिरी दिन है। राष्ट्रपति ने रविवार सुबह 1100 बजे हेलिकाप्टर के माध्यम से चंडीगढ़ के लिए रवाना होना था। लेकिन मौसम खराब होने के कारण हेलिकाप्टर उड़ान नहीं भर सके।
शिमला, जेएनएन। President Ram Nath Kovind, राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द चार दिवसीय हिमाचल दौरे के बाद रविवार दोपहर बाद वापस लौट गए। खराब मौसम के कारण तय समय से तीन घंटे बाद राष्ट्रपति के हेलिकाप्टर ने उड़ान भरी। राष्ट्रपति ने रविवार सुबह 11:00 बजे हेलिकाप्टर के माध्यम से चंडीगढ़ के लिए रवाना होना था। लेकिन मौसम खराब होने के कारण हेलिकाप्टर उड़ान नहीं भर सके। दोपहर बाद तक भी राष्ट्रपति चंडीगढ़ के लिए रवाना नहीं हो सके। शिमला में सुबह से ही मौसम खराब था, घने बादलों के कारण उड़ान संभव नहीं हो पा रही थी। दोपहर दो बजे के बाद मौसम साफ होने पर हेलिकाप्टर उड़ान भर पाया। दो बजकर दो मिनट पर राष्ट्रपति शिमला से रवाना हुए। राष्ट्रपति चंडीगढ़ तक हेलिकाप्टर में रवाना हुए व चंडीगढ़ से विशेष विमान में दिल्ली रवाना होंगे। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द चार दिवसीय शिमला दौरे पर आए हुए थे।
राष्ट्रपति को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर सहित मंत्री सुरेश भारद्वाज ने अनाडेल मैदान में पहुंचकर विदाई दी। राष्ट्रपति ने अपने दौरे के दौरान हिमाचल प्रदेश की स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष में आयोजित विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित किया। साथ ही परिवार सहित ऐतिहासिक जाखू मंदिर में शीश नवाया और शिमला की रोपवे से सैर की। राष्ट्रपति ने शनिवार शाम को रिज पर भी घूमने का खूब आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने रिज पर मौजूद लोगों से बातचीत की।
हिमाचल प्रदेश में आज सुबह से मौसम खराब है। आगामी दो दिनों के दौरान तो भारी बारिश की संभावना जताई गई है। खराब मौसम के कारण राष्ट्रपति के तय शेड्यूल में बदलाव करना पड़ा। सुरक्षा के लिहाज से राष्ट्रपति के कार्यक्रम का पल-पल का शेड्यूल तय होता है। लेकिन खराब मौसम के कारण राष्ट्रपति को तीन घंटे का इंतजार करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: President In Shimla: रोपवे से जाखू मंदिर पहुंचे राष्ट्रपति, रिज पर सैर करते खरीदे पापकार्न, देखिए तस्वीरें