Himachal By Election 2019: कड़ी सुरक्षा के बीच 71 फीसद मतदान
Polling start for By Election धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव के लिए सोमवार सुबह साढ़े 7 बजे से पोलिंग बूथ पर लाइनें लग गईं।
धर्मशाला/नाहन, जेएनएन। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव के लिए सोमवार सुबह साढ़े 7 बजे से पोलिंग बूथ पर लाइनें लग गईं। सकोह पोलिंग बूथ में वोटिंग के लिए तड़के ही लोग जुटना शुरू हो गए थे। सुबह आठ बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। शाम पांच बजे तक पच्छाद में 71 फीसद और धर्मशाला हलके में करीब 62 फीसद मतदान हुआ है। दोपहर बाद तीन बजे तक पच्छाद में 59.39 और धर्मशाला में 52.13 प्रतिशत वोट पड़े। सुबह नौ बजे तक धर्मशाला में 7.80 और पच्छाद में 8 फीसद मतदान हुआ। पच्छाद में दस बजे तक 14 फीसद वोट पड़े।
धर्मशाला में 11 बजे तक 20 फीसद और पच्छाद में 26 फीसद तक मतदान हुआ। 12 बजे तक धर्मशाला में 26 और पच्छाद में 33 फीसद वोट पड़े। दोपहर एक बजे तक धर्मशाला में 37.60 और पच्छाद हलके में 43.18 प्रतिशत तक मतदान हुआ। धर्मशाला में भाजपा प्रत्याशी विशाल नैहरिया ने सुबह सवा आठ बजे के करीब सिद्वपुर में मतदान किया।
जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी गंगूराम मुसाफिर ने डीलमन पोलिंग बूथ पर परिवार के साथ वोट डाला। धर्मशाला में कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र कर्ण ने भी परिवार के सदस्यों के साथ मतदान किया। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में कुल 82 हजार 128 मतदाता हैं। इनमें 41 हजार 053 पुरुष मतदाता और 40 हजार 100 महिला मतदाता हैं। सर्विस वोटर में पुरुष मतदाता 932 तथा 43 महिला मतदाता शामिल हैं। सुबह 8 बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे। इसके लिए 89 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
मतदान के लिए एम-थ्री मशीनों का प्रयोग किया जा रहा है। मतदान केंद्रों मे 476 कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई है। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के लिए 50 माइक्रो ऑब्जर्वर लगाए गए हैं। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में 2 मतदान केंद्र महिला कर्मियों द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। इसी तरह धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में 5 मॉडल पोलिंग स्टेशन तथा 18 सीसीटीवी वेब कास्टिंग बूथ हैं।
पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराहां के मतदान केंद्र पर पहुंचे मतदाता।