जोगेंद्रनगर की ज्योति की मौत पर सतापक्ष और विपक्ष ने भी की उच्च स्तरीय जांच की मांग
प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार और बर्बरता पर सख्त कानून लागू करने की अपील भी विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार से की है। ज्योति की मौत पर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने भी उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
जोगेंद्रनगर,राजेश शर्मा। प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार और बर्बरता पर सख्त कानून लागू करने की अपील भी विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार से की है। ज्योति की मौत पर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने भी उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई मांगी है। मंडल भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष मेघना ठाकुर, जिला परिषद सदस्य ममता भाटिया, पार्षद शिखा ने इस संदर्भ में पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री से मुलाकात कर अरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
विधानसभा क्षेत्र जोगेंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा, पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर, जिला परिषद सदस्य विजय भाटिया, कुशाल भारद्वाज, मंडल भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्षा मेघना ठाकुर के साथ तलकेहड़ पंचायत की प्रधान शुचिका ने प्रदेश सरकार और पुलिस के उच्चाधिकारियों से इस मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि इस प्रकार की अमानवीय घटनाओं से प्रदेश शर्मसार हो रहा है। लिहाजा प्रदेश सरकार महिलाओं पर अत्याचार और बर्बरता पर सख्त कानून लागू कर आरोपितों को सबक सिखाए।
आधुनिक युग में जिस तरह महिलाओं के साथ अत्याचार व बर्बरता बढ़ती जा रही है उस पर लगाम लगाना बहुत जरूरी है। ज्योति की रहस्यमयी मौत में अमानवतापूर्ण व्यवहार देखने को मिल रहा है। जिस पर प्रदेश सरकार और पुलिस से सख्त कार्रवाई के अलावा ऐसी वारदातों पर सख्त कानून लागू करने की मांग भी कर रही हूं ताकि निकट भविष्य में कोई भी महिलाओं पर अत्याचार और बर्बरता करने से पहले कतराए।
शुचिका, प्रधान तलकेहड़ पंचायत जोगेंद्रनगर।
ज्योति की संदिग्ध मौत से आहत हूं। पुलिस इस मामले में परिजनों को इन्साफ दिलाएगी। पुलिस अधीक्षक से भी इस मामले में बातचीत जारी है। प्रदेश सरकार के मुखिया से भी इस मामले पर सख्त कार्रवाई का आहवान करूंगी। ज्योति के परिजनों को दुख की इस घड़ी को सहने में भगवान हिम्मत दे। ज्योति की रहस्यमयी मौत से समस्त जोगेंद्रनगरवासी दुखी हैं क्योंकि वह किसी एक परिवार की ही नहीं बल्कि क्षेत्र की बेटी थी।
मेघना ठाकुर, अध्यक्ष मंडल भाजपा महिला मोर्चा।
हराबाग के नकेहड़ गांव के एक साधारण परिवार से सबंध रखने वाली ज्योति बेहद मिलनसार और हिम्मत वाली बेटी थी। वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी। किसी साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया गया है। जिस पर पुलिस की उच्च स्तरीय जांच की मांग पुलिस के उच्चाधिकारियों और प्रदेश सरकार से कर रही हूं।
ममता भाटिया, जिला परिषद सदस्य लांगणा वार्ड।
हत्या या आत्महत्या दोनों ही पहलुओं पर पुलिस को जांच में तेजी लाने के दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। मृतक के परिजनों से भी घर पहुंचकर उच्च स्तरीय जांच का भरोसा दिलाया है। मंडी पुलिस इस मामले को जल्द सुलझाकर आरोपितों को सलाखों के पीछे धकेलेगी। बावजूद उसके भी परिजनों को मामले की जांच को लेकर कोई शिकायत है तो प्रदेश के मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक से भी बातचीत करूंगा।
प्रकाश राणा, विधायक जोगेंद्रनगर।