कंगना के घर के पास गोली चलने का नहीं लगा सुराग, पुलिस लगातार कर रही आसपास के इलाके में गश्त
Kangana Ranaut बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के घर पास गोली चलने के मामले में पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है।
मनाली, जागरण संवाददाता। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के घर पास गोली चलने के मामले में पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस की मानें तो अभिनेत्री के घर के आसपास दो दिन से गश्त बढ़ाने के बाद भी अभी तक कुछ हाथ नहीं लगा है। रविवार को पुलिस ने कंगना के घर के आसपास जाकर हालात का जायजा लिया। गौर हो कि कंगना ने शुक्रवार रात को गोली चलने की आवाज सुनाई देने की शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद से मनाली पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।
स्थानीय निवासी मोती राम, रमेश, दीपक, डोला व जितेंद्र ठाकुर का कहना है कि सेब और नाशपाती की फसल जब तैयार होती है तो बागवान रात को फसल को पक्षियों से बचाने के लिए पटाखे छोड़ते हैं। अभिनेत्री कंगना इस मौसम में पहली बार मनाली में रह रही हैं। इसलिए उनको इसकी जानकारी नहीं होगी। सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद लगातार अपने बयानों के कारण चर्चा में रहने वाली कंगना रणौत व उनकी टीम पूरी तरह सतर्क है।
डीएसपी मनाली संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने कंगना के घर के आसपास गश्त बढ़ा दी है। अभी तक कोई ऐसा साक्ष्य हाथ नहीं लगा है कि जिससे स्पष्ट हो सके कि कंगना के घर के आसपास कोई गोली चली हो