टांडा के डॉक्टरों ने बोदड़बल्ला में मचाया हुड़दंग
जागरण संवाददाता, टांडा : डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल कांगड़ा स्थित टांडा
By Edited By: Published: Sat, 18 Aug 2018 11:54 PM (IST)Updated: Sun, 19 Aug 2018 10:34 AM (IST)
जागरण संवाददाता, टांडा : डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल कांगड़ा स्थित टांडा के प्रशिक्षु चिकित्सकों पर नशे में हुड़दंग मचाने का आरोप लगा है। बोदड़बल्ला निवासी ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। कांगड़ा पुलिस मारपीट, तोड़फोड़ व धमकियां देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच कर रही है। मामला शुक्रवार देर रात का है। जोगीपुर पंचायत के बोदड़बल्ला निवासी परमजीत ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके पड़ोस में किराये के कमरे में रह रहे डॉक्टर शुक्रवार को हुड़दंग मचा रहे थे। उसने जब उन्हें ऐसा करने से रोका तो डॉक्टर मारपीट पर उतारू हो गए। उसके मुताबिक डॉक्टर नशे में थे। हुड़दंग मचाने से टोकने पर उन्होंने जान से मारने की धमकियां दी। तोड़फोड़ की व खूब हंगामा किया। परमजीत की शिकायत पर पुलिस शुक्रवार देररात बोदड़बल्ला पहुंची। हालांकि तब तक सब हुड़दंगी डॉक्टर वहां से रफूचक्कर हो चुके थे। उसके मुताबिक 15-20 डॉक्टर थे। वहीं, इस घटनाक्रम से अस्पताल प्रबंधन पर भी सवाल उठे हैं। मामले की जांच कर रहे एएसआइ सत्य प्रकाश ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। यहां एक डॉक्टर किराये के कमरे में रहता है। उसी के घर में यह सारा घटनाक्रम हुआ है। जांच की जा रही है कि इतने डॉक्टर देररात यहां कैसे पहुंचे थे। देररात अस्पताल प्रशासन से भी फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई थी। -------------- बोदड़बल्ला निवासी परमजीत की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 451, 427, 323, 147, 149, 506 व 504 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एएसआइ सत्य प्रकाश शुक्रवार देररात घटनास्थल पर पहुंचे थे। मामले की जांच के बाद ही सारे तथ्य सामने आएंगे। -कुलदीप चंद, थाना प्रभारी कांगड़ा।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें