इंदौरा में 1.735 किलोग्राम अफीम समेत मुख्य सरगना गिरफ्तार, पुलिस ने घर से बरामद की खेप Kangra News
इंदौरा के थाना डमटाल के तहत आते गांव माजरा में एक व्यक्ति से 1.735 किलोग्राम अफीम सहित गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
भदरोआ, मुकेश सरमाल। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा विमुक्त रंजन द्वारा नशे के खिलाफ चलाये गए अभियान के तहत आए दिन नशा तस्कर पकड़े जा रहे हैं। विधानसभा क्षेत्र इंदौरा के थाना डमटाल के तहत आते गांव माजरा में एक व्यक्ति से 1.735 किलोग्राम अफीम सहित गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपित की काफी समय से नशा बेचने के बारे में शिकायत आ रही थी। जिस पर पुलिस द्वारा लगातार उस पर निगाह रखी जा रही थी। अतः मंगलवार को पुख्ता सूचना मिलने पर एएसआई गुरध्यान शर्मा व उनकी टीम द्वारा उसके घर छापेमारी की तो उसके घर से 1.735 किलोग्राम अफीम बरामद की गई।
पकड़े गए आरोपित की पहचान 65 वर्षीय करनैल सिंह निवासी माजरा तहसील इंदौरा के रूप में की गई है। आरोपित पर मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 18/61/85 के तहत मामला दर्ज करके गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई अमल में लायी जा रही है।
जोगेंद्रनगर में 71 ग्राम चरस के साथ युवक गिरफ्तार
उपमंडल पुलिस ने युवक को 71 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। जोगेंद्रनगर पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर ऊधम सिंह, आरक्षी विनीत, दिवान, भूप सिंह और हैड कॉंस्टेबल विजेंद्र सिंह हराबाग के नजदीक नाकेबंदी पर मौजूद थे। इसी दौरान सड़क से पैदल गुजर रहे सन्नी कुमार निवासी गदयाड़ा पंचायत खड़ीहार जो सड़क पर पैदल ही आ रहा था, पुलिस को देखकर घबरा गया। जब उसे रोककर उसकी तलाशी ली गई तो पुलिस को सन्नी के पास से 71 ग्राम चरस बरामद हुई। डीएसपी मदनकांत शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आगे भी नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
पद्धर में 33 ग्राम अफीम के साथ धरा युवक
पद्धर पुलिस ने चौहारघाटी के एक युवक से 33 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पद्धर पुलिस की एक टीम चौहारघाटी में गश्त पर थी। इसी दौरान सिल्हबुधाणी पंचायत के कोरतंग गांव का 25 वर्षीय राजेश कुमार पुत्र रूप चंद पुलिस को देखकर घबरा गया। तलाशी लेने पर उससे 33 ग्राम अफीम बरामद हुई। डीएसपी पद्धर मदनकांत शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।