नाबालिगों से मारपीट व छेड़खानी करने का चौथा आरोपित भी धरा, कोर्ट ने भेजा पुलिस रिमांड पर
नाबालिग लड़की से छेड़खानी युवक के साथ मारपीट करने व घटना का वीडियो वायरल करने के मामले में चौथे आरोपित को 12 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पालमपुर, जेएनएन। नाबालिग लड़की से छेड़खानी, युवक के साथ मारपीट करने व घटना का वीडियो वायरल करने के मामले में चौथे आरोपित को 12 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पंचरूखी पुलिस ने शनिवार को आरोपित को पालमपुर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पंचरूखी पुलिस ने इस प्रकरण में शामिल चारों आरोपितों को हिरासत में रखा हुआ है। डीएसपी अमित शर्मा ने बताया कि पंचरूखी पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
यह है मामला
एक सप्ताह पहले पंचरुखी पुलिस थाना के तहत निकटवर्ती क्षेत्र में रेलवे लाइन पर दो युवाओं व दो लड़कियों को जाते हुए देखा गया था। इन्हें देखकर एक व्यक्ति ने फोन पर अन्य युवाओं को सूचना दी और उन्हें भी बुला लिया। जब ये सभी पहुंच गए तो इन्होंने रेलवे लाइन पर चल रहे चारों लड़के-लड़कियों को रोका और उन्हें डराया-धमकाया। लड़कियों के साथ इस तरह से चलने पर इन्होंने एक लड़के की पिटाई आरंभ कर दी तो डर के मारे एक लड़का व लड़की भाग खड़े हुए। दूसरी लड़की भागने लगी तो उसे एक व्यक्ति ने पकड़ लिया। इस दौरान दो व्यक्तियों ने लड़के के साथ मारपीट की, एक ने लड़की को पकड़कर उससे छेडख़ानी आरंभ कर दी और चौथे ने सारी घटना की वीडियो बनाई। वीडियो बनाने के बाद उसे वायरल किया गया।
चिट्टे का आरोपित रिमांड पर
चौपाटी में चिट्टे के साथ पकड़े आरोपित सुनील को पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रविवार को इसका पुलिस रिमांड समाप्त होगा। बताया जा रहा है कि सुनील पहले भी चिट्टेे के साथ पकड़ा गया था। इसी कारण सीआइए टीम की नजर इस पर थी।