Himachal: पीएम मोदी कल छोटी काशी में करेंगे चुनावी शंखनाद, यहां पढ़ें पूरा कार्यक्रम
PM Modi in Himachal मोदी पड्डल मैदान में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की युवा विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे। इसमें एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं के आने का दावा किया जा रहा है। मोदी इस रैली से युवाओं को साधने का काम करेंगे।
मंडी, जागरण संवाददाता। PM Modi in Himachal, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 सितंबर को छोटी काशी (मंडी) के ऐतिहासिक पड्डल मैदान से हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे। प्रधानमंत्री शनिवार सुबह 10.30 बजे वायुसेना के हेलीकाप्टर से कांगणी हेलीपोर्ट पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर स्वागत करेंगे।
हेलीपोर्ट से पड्डल मैदान में बने मंच तक मोदी वाहन से आएंगे। इस दौरान मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। मंच के समीप भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, प्रभारी अविनाश राय खन्ना व अन्य वरिष्ठ नेता गुलाब का फूल देकर प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगे। मोदी पड्डल मैदान में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की युवा विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे। इसमें एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं के आने का दावा किया जा रहा है। मोदी इस रैली से युवाओं को साधने का काम करेंगे। वह प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उनमें जोश भरेंगे। मंच पर 25 नेताओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। मंच पर युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को भी स्थान मिलेगा। प्रधानमंत्री करीब ढाई घंटे मंडी में रहेंगे। भाजयुमो प्रधानमंत्री को स्मृतिचिह्न के रूप में वाद्ययंत्र रणसिंघा, ताम्रपत्र पर उकेरी नाटी का चित्र व चंबा थाल भेंट करेगा।
LIVE : मण्डी में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के हिमाचल दौरे को लेकर मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत।
👇👇https://t.co/wNgm9B56E3— Jairam Thakur (@jairamthakurbjp) September 23, 2022
अभेद्य किले में बदली छोटी काशी, त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा
प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर छोटी काशी अभेद्य किले में बदल गई है। एसपीजी, आइबी, अर्धसैनिक बल व पुलिस के करीब 2000 जवान व 150 अधिकारी सुरक्षा व यातायात व्यवस्था संभालेंगे। प्रधानमंत्री का सुरक्षा घेरा त्रिस्तरीय होगा। हेलीपोर्ट में स्वागत करने व मंच पर बैठने वाले सभी नेताओं की कोविड जांच की गई है। वर्ष 2014 के बाद मोदी यहां पांचवीं बार रैली को संबोधित करेंगे। पड्डल में शनिवार सुबह सात बजे से 40 द्वारों से प्रवेश शुरू होगा।
छोटी काशी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में शनिवार को होने वाली पीएम मोदी की रैली की तैयारियां जांचते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर। pic.twitter.com/g3zaDkmTd1— Hans Raj (@Hansraj047) September 23, 2022
मुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेताओं ने व्यवस्था जांची
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार देर शाम पड्डल मैदान में व्यवस्था जांची। मौसम के मिजाज को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जनपद के आराध्य देव कमरूनाग से मौसम खुशगवार रखने की प्रार्थना की है। रैली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भाग नहीं लेंगे।
यह भी पढ़ें : मंडी में कल गूंजेगा चुनावी रणसिंघा,भाजयुमो युवा विजय संकल्प रैली में प्रधानमंत्री मोदी को भेेंट करेगा रणसिंघा