शिमला के कालीबाड़ी मंदिर में लगी श्रद्धालुओं की कतारें
शारदीय नवरात्र सोमवार से शुरू हो गए। नवरात्र के पहले दिन राजधानी शिमला के सभी मंदिरों में कई लोग दर्शन करने के लिए आए। शिमला के कालीबाड़ी मंदिर में लोगों की लंबी कतारें लगीं। मंदिर में लोग सुबह से ही दर्शन करने के लिए आने शुरू हो गए थे।
शिमला,जागरण संवाददाता। शारदीय नवरात्र सोमवार से शुरू हो गए। नवरात्र के पहले दिन राजधानी शिमला के सभी मंदिरों में कई लोग दर्शन करने के लिए आए। शिमला के कालीबाड़ी मंदिर में लोगों की लंबी कतारें लगीं। मंदिर में लोग सुबह से ही दर्शन करने के लिए आने शुरू हो गए थे। स्थानीय लोगों के अलावा शिमला घूमने आए सैलानियों ने भी मंदिर में दर्शन किए। मंदिर प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा का इंतजाम किया था। मंदिर के द्वार पर एक पुलिस कर्मी तैनात था। सभी श्रद्धालुओं ने मंदिर में माता को चुनरी चढ़ाई। श्रद्धालुओं ने दर्शन करने के बाद मंदिर की परिक्रमा भी की। तारा देवी, कामना देवी व अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालु उमड़े।
इसके अलावा शिमला के रामबाजार में भी मंदिर में कई श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचे। मंदिरों के बाहर भी दुकानें सजी रहीं। सभी दुकानें माता की चुनरी व छोटी मूर्तियों के साथ सजी दिखीं। जो श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए आ रहे थे, उन्होंने दुकानों से माता की चुनरी व प्रसाद खरीदा। इसके अलावा नवरात्र के पहले दिन शिमला शहर के बाजार भी सजे दिखे। शिमला शहर के रामबाजार से लेकर लोअर बाजार तक हर जगह दुकानें फूलों व माता की चुनरियों से सजी रहीं। कई दुकानों में फूलों के साथ सजावट के लिए लाइटें भी लगाई गई थीं। बाजार में लोगों ने भी खूब खरीदारी की। अधिक खरीदारी होने से बाजार के कारोबारी भी खुश दिखे। नवमी को होता है कन्या पूजन नवरात्र के अंतिम दिन यानी नवमी को लोग घरों में कन्याओं को बुलाकर उनकी पूजा करते हैं। लोग नौ कन्याओं को घर पर बुलाकर उनका पूजन कर उन्हें खाना खिलाते हैं। सभी कन्याओं को इस दिन दुर्गा माता के नौ रूपों में पूजा जाता है।