सुनारा-कुंडी मार्ग पर पिकअप गाड़ी खाई में गिरी, कियाणी के पास बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त
Pickup Jeep Accident सुनारा-कुंडी मार्ग पर शनिवार देर शाम एक पिकअप दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
चंबा, जेएनएन। सुनारा-कुंडी मार्ग पर शनिवार देर शाम एक पिकअप दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में चालक घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने चालक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। हादसे में चालक 45 वर्षीय देवराज पुत्र शेर सिंह निवासी कुमौता सामरा चंबा घायल हो गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस थाना चंबा में सूचना मिली कि कुंडी के समीप एक गाड़ी खाई में जा गिरी है, इस पर तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मौके पर पाया कि पिकअप गाड़ी सामान लेकर कुंडी की तरफ जा रही था। इसी दौरान अचानक सड़क पर चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी विपरीत दिशा की तरफ दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल को उपचार के लिए चंबा पहुंचाया।
पुलिस ने चालक के बयान के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस थाना चंबा में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। खाई में गिरने के बाद गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। एसपी चंबा अरूल कुमार ने बताया घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। मामले की जांच जारी है। उधर, चिकित्सा अधीक्षक मेडिकल कॉलेज चंबा डॉक्टर मोहन सिंह ने बताया चालक की हालत खतरे से बाहर है।
कियाणी के पास बाइक स्किड होकर दुर्घटनाग्रस्त
चंबा- तीसा मार्ग पर कियाणी के पास बाइक स्किड होने से व्यक्ति घायल हो गया। घायल की पहचान 43 वर्षीय अजय शर्मा पुत्र प्यार दत्त निवासी कियाणी के रूप में हुई है। जो चंबा से कियाणी की तरफ जा रहा था। कियाणी के पास उसकी बाइक स्किड हो गई। बताया जा रहा है कि शनिवार देर शाम अजय शर्मा किसी काम के बाद घर लौट रहा था, इस दौरान अचानक उसकी बाइक स्किड हो गई। हादसे में उसे चोटें आई हैं। मौके पर लोगों ने उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने उसके जख्मों का उपचार किया तथा उसे दाखिल कर लिया।