जोगेंद्रनगर में भूस्खलन क्षेत्र में ही बना दी अस्थायी दुकानें, गाडि़यां भी की जा रही पार्क
मंडी पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोगेंद्रनगर के हराबाग के नजदीक भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्र पर लोगों ने अस्थायी दुकानदारी सजा ली है।
जोगेंद्रनगर,जेएनएन। मंडी पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोगेंद्रनगर के हराबाग के नजदीक भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्र पर लोगों ने अस्थायी दुकानदारी सजा ली है। करीब 50 मीटर तक लगातार हो रहे भूस्खलन से हाइवे के अस्तित्व पर भी खतरा मंडरा चुका है। ऐसे में जहां दुकानदार खतरे में दुकानें चला रहे हैं साथ ही आने जाने वालों के लिए भी खतरा हो सकता है।
बरसात में हराबाग में कुछ दिन पहले पहाड़ दरकने से सड़क पर नाले की तरह मलबा और पत्थर आ गए थे। विभाग की तीन जेसीबी मशीनों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे को बहाल किया गया। मलबा अब भी आ रहा है। इसके बावजूद यहां पर कुछ अस्थायी दुकानें लगाकर लोग आजीविका कमा रहे हैं। यही नहीं भूस्खलन से प्रभावित सड़क के इर्द गिर्द बेहतरतीब ढंग से वाहनों को भी पार्क किया जा रहा है। बीते कुछ दिन पहले पहाड़ दरकने से एक टाटासूमो भी मलबे की जद् में आ चुकी है।
चेतावनी बोर्ड तक नहीं हुए स्थापित
शहर से करीब तीन किलोमीटर दूर राबाग मुख्य बाजार के साथ लगती पहाड़ी पर से लंबे अरसे से मलबा और पत्थर गिर रहे हैं। यहां पर पहाड़ दरकने पर वाहन चालकों और राहगीरों को आगाह करने के लिए चेतावनी बोर्डां की भी दरकार बनी हुई है।
भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में किसी भी प्रकार की व्यवसायिक गतिविधी जानलेवा साबित हो सकती है। मामला ध्यान में लाया गया है। व्यवसायियों से जल्द अपने व्यवसायिक प्रतिष्ठान स्थानांतरित करने का आहवान किया जाएगा।
अमित मैहरा, एसडीएम जोगेंद्रनगर।
जोगेंद्रनगर के हराबाग के नजदीक भारी भूस्खलन हो चुका है। राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण के तत्वाधान से ऐहतियातन कदम उठाए जा रहे हैं। चेतावनी बोर्ड भी यहां पर जल्द स्थापित होगें।
सतीश नाग, तकनीकी अधिकारी राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण।