बंजार में प्रधान के पति ने की थी 42 किलोग्राम चरस सप्लाई, पुलिस ने देर रात दबोचा मुख्य सरगना
Charas Smuggling 42 किलोग्राम चरस मामले में श्री कोट पंचयात के प्रधान के पति ने चरस की सप्लाई की थी। पुलिस ने मुख्य सरगना को सोमवार देर रात को गिरफ्तार किया है।
कुल्लू, जेएनएन। 42 किलोग्राम चरस मामले में श्री कोट पंचयात के प्रधान के पति ने चरस की सप्लाई की थी। पुलिस ने मुख्य सरगना को सोमवार देर रात को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक कुल्लू जिला के बंजार में मंडी निवासी से टाटा 407 में 42 किलोग्राम चरस बरामद की थी। आरोपित लीलाधर चरस को गाड़ी के निचले हिस्से में छुपकर ले जा रहा था। पुलिस ने फागू पुल के पास चरस के साथ गिरप्तार किया था। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने अब मुख्य सरगना को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान 47 वर्षीय मदन लाल निवासी बंजार के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने बताया आरोपित 10 जून की रात अपनी बोलेरो गाड़ी में चरस की खेप लाया और लीलाधर के साथ मिलकर पिकअप में छुपा दिया। आरोपित की बोलेरो को पहले ही जब्त कर लिया गया है। सोमवार की रात को इस मुख्य सरगना को पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 29 के तहत गिरफ्तार कर लिया है।
चरस पकड़ने के बाद से मुख्य सरगना फरार चल रहा था और जंगलों में जाकर छुप गया था। आरोपित की पत्नी श्रीकोट पंचायत की प्रधान है। मामले में गाड़ी के मालिक ठाकुर दास निवासी मंडी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इसने गाड़ी को मॉडिफाई करके चरस स्मगलिंग करने के लिए चेंबर बनाया था। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि चरस सप्लाई करने वाले मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। अभी मामले की जांच चल रही है।