Himachal Panchayat Election: प्रदेश में दिसंबर की बजाय जनवरी में होंगे पंचायत चुनाव, पढ़ें खबर
Himachal Panchayat Election हिमाचल प्रदेश में इस बार पंचायत चुनाव नवंबर या दिसंबर की बजाय जनवरी में होंगे। पंचायत चुनाव जनवरी में करवाने के लिए नए नगर निगमों निकायों और नई पंचायतों के गठन की प्रक्रिया पहली नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिमला, यादवेन्द्र शर्मा। Himachal Panchayat Election: हिमाचल प्रदेश में इस बार पंचायत चुनाव नवंबर या दिसंबर की बजाय जनवरी में होंगे। पंचायत चुनाव जनवरी में करवाने के लिए नए नगर निगमों, निकायों और नई पंचायतों के गठन की प्रक्रिया पहली नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश में पंचायतों का कार्यकाल 22 जनवरी को समाप्त हो रहा है और राज्य चुनाव आयोग को 22 जनवरी तक चुनाव की प्रक्रिया को पूर्ण करनी है। यही कारण है कि इस तरह के निर्देशों को जारी किया गया है। प्रदेश में 3226 पंचायतों के स्थान पर अब 3631 पंचायतें गठित हो चुकी हैं और नगर निकायों और नगर निगमों के गठन के बाद करीब 30 पंचायतों के समाप्त होने की संभावना है।
पंचायतों के चुनाव समय पर करवाने के लिए नई पंचायतों के गठन और नए नगर निकायों के गठन से जो प्रभावित नहीं हुई हैं उन 2740 पंचायतों में वार्ड बंदी की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इन दिनों इन पंचायतों में वोटर लिस्ट अपडेट करने का काम जारी है। बाकी बची हुई 891 पंचायतों में वार्ड बंदी और वोटर लिस्ट का कार्य होना है। लेकिन नगर निगम और निकायों के गठन की प्रक्रिया के पूरा न होने के कारण यह काम लटका हुआ है। सोलन, मंडी और पालमपुर नगर निगमों के बनने से कुछ पंचायतें समाप्त हो रही हैं या उनका कुछ क्षेत्र नगर निगमों में शामिल हो रहा हैं। प्रदेश में वर्तमान में 28715 पद हैं जिनके लिए चुनाव निर्धारित हैं। अब पंचायतों की संख्या अंतिम होने पर यह संख्या और बढ़ेगी।
पहली दिसंबर को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले भी दे सकेंगे वोट
पहली दिसंबर को 18 वर्ष की उम्र पूर्ण करने वाले युवा भी पंचायत चुनाव के दौरान मतदान कर सकेंगे। इस संबंध में राज्य चुनाव आयोग ने निर्देश जारी किए हुए हैं और ऐसे युवाओं को अपना वोट बनाने के लिए कहा है।
निकायों के गठन की प्रक्रिया जारी
शहरी विकास विभाग के निदेशक राम कुमार गौतम ने कहा नगर निगम और नगर निकायों के गठन की प्रक्रिया पहली नवंबर तक पूरा करने के लिए कहा गया है। इस संबंध में प्रक्रिया जारी है, जल्द ही अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
समय पर करवाए जाएंगे चुनाव
राज्य चुनाव आयोग के सचिव सुजीत सिंह राठौर प्रदेश में पंचायत चुनाव समय पर करवाए जाएंगे, 2740 पंचायतों में वार्ड बंदी की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और वोटर लिस्ट का काम जारी है।