ठगी के आरोपितों को पकड़ने नाइजीरिया जाएगी पालमपुर पुलिस
अक्तूबर 2019 में साइबर क्राइम के तहत 48 लाख रुपये की ठगी को लेकर आरोपितों की धरपकड़ को पालमपुर पुलिस नाइजीरिया जाएगी। इसके लिए पुलिस ने अपनी तैयारी कर ली है। पुलिस ने मामले के आरोपित मणिपुर निवासी 43 वर्षीय राजेराम लियाना को गिरफ्तार किया था।
धर्मशाला,जेएनएन। अक्तूबर 2019 में साइबर क्राइम के तहत 48 लाख रुपये की ठगी को लेकर आरोपितों की धरपकड़ को पालमपुर पुलिस नाइजीरिया जाएगी। इसके लिए पुलिस ने अपनी तैयारी कर ली है। पुलिस ने मामले के आरोपित मणिपुर निवासी 43 वर्षीय राजेराम लियाना को गिरफ्तार किया था, जिसे न्यायालय ने पांच दिन के पुलिस रिमांड में भेजा है। आरोपित ने स्वीकार किया है कि ठगी के तार नाइजीरिया से हैं।
यह है मामला
उपमंडल पालमपुर की सिद्धपुर पंचायत निवासी महिला ठगी की शिकार होने के बाद पुलिस की शरण में गई थी। लेकिन एक वर्ष तक पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसमें लगातार पुलिस राडार में रहे आरोपित
मणिपुर के आइजोल में कुलीकोड गांव निवासी 43 वर्षीय राजेराम लियाना को पहली नवंबर को किशनगढ़ दिल्ली से हिरासत में लिया गया। उसे पालमपुर पहुंचाने के बाद न्यायालय से पांच दिनों का पुलिस रिमांड लेने के बाद गहन पूछताछ आरंभ की।
यह किया है बरामद
पुलिस ने आरोपित से 24500 रुपये नकद, लैपटॉप, मॉडम सहित अलग-अलग बैंक के चैक बुक व एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में राजेराम लियाना ने ठगी के तार नाइजीरिया से होने की बात कबूल की है। मगर इसकी पुष्टि विदेशी नामजद आरोपित की हिरासत के बाद ही हो सकती है। वहीं, डीएसपी अमित कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गिरोह होने के कारण नाइजीरिया पुलिस भेजने का फैसला लिया है।