ग्राहक बनकर गई पुलिस और जाल में फंस गई महिला, टेलर की दुकान चलाती थी शातिर; पढ़ें पूरा मामला
Fake Certificate सेना में भर्ती होने के लिए फर्जी प्रमाण पत्र बनाने की मुख्य सरगना को पुलिस ने दबोच लिया है।
पालमपुर, जेएनएन। सेना में भर्ती होने के लिए फर्जी प्रमाण पत्र बनाने की मुख्य सरगना को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस की टीम ग्राहक बनकर गई और शातिर महिला को अपने जाल में फंसा लिया। सेना भर्ती के दौरान फर्जी प्रमाणपत्र बनाने के मामले में पालमपुर पुलिस के विशेष दस्ते ने 40 वर्षीय सुमन कौशिक पत्नी नरेंद्र कौशिक निवासी 72/40 अग्रेसन विहार, गली नंबर दो, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला मुजफ्फरनगर में कल्पना लेडीज टेलर की संचालक है। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला मई 2019 में दर्ज किया था। आरोपित महिला पर सेना भर्ती के दौरान फर्जी तरीके से आठ उम्मीदवारों के फर्जी प्रमाणपत्र के तहत भर्ती करवाने का आरोप है।
पालमपुर पुलिस के विशेष जांच दल ने इससे पहले आठ अभ्यर्थियों समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया था। इन लोगों से पूछताछ के आधार पर ही महिला का नाम सामने आया था। 14 मई, 2019 को पालमपुर में सेना भर्ती के दौरान दस्तावेजों की जांच में आठ उम्मीदवारों को फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़ा था। इसके बाद सेना भर्ती निदेशक पालमपुर कर्नल रामकृष्णन ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि उक्त दस्तावेज मुजफ्फरनगर में दर्जी की दुकान चलाने वाली महिला ने उपलब्ध करवाए थे। पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन कर आरोपित महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने जाली ग्राहक बनकर प्रमाणपत्र लेने के बहाने महिला को पालमपुर बुलाया था। जब महिला जाली प्रमाणपत्र लेकर आई तो विशेष जांच दल ने उसे हिरासत में ले लिया। इस मामले में आरोपित महिला के अलावा 13 लोगों को हिरासत में लिया गया है पर अभी और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। डीएसपी डॉ. अमित शर्मा ने बताया कि विशेष जांच दल ने सुमन कौशिक निवासी मुजफ्फरनगर को हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।