मुकेश बोले, भाजपा की जनसभाओं से जनता नदारद, सीएम की जनसभा के लिए भी बहाना पड़ रहा पसीना
कांग्रेस धर्मशाला उपचुनाव में जीत की ओर अग्रसर है। कांग्रेस कार्यकर्ता सजग होकर प्रचार में जुट जाएं ताकि जीत सुनिश्चित बनाई जा सके।
धर्मशाला, जेएनएन। कांग्रेस धर्मशाला उपचुनाव में जीत की ओर अग्रसर है। कांग्रेस कार्यकर्ता सजग होकर प्रचार में जुट जाएं, ताकि जीत सुनिश्चित बनाई जा सके। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री धर्मशाला के कोतवाली बाजार में पार्टी कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग करके चुनाव जीतना चाहती है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हेलीकॉप्टर से नीचे नहीं उतर रहे हैं। सड़कों की हालत खराब है लेकिन सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
भाजपा को इन उपचुनाव में मुख्यमंत्री की जनसभाएं करवाने में पसीने बहाने पड़ रहे हैं, जनता नदारद है। इससे साफ झलकता है कि भाजपा से जनता का मोह भंग हो चुका है। लोग भाजपा की जुमलेबाजी को पहचान चुके हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला उपचुनाव में कांग्रेस द्वारा शुरू की गई विकास योजनाओं के बारे में जनता भाजपा से सवाल पूछ रही है जिसके चलते भाजपा के नेता जनता के बीच जाने से कतरा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस दोनों उपचुनाव में जीत हासिल करेगी। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद विप्लव ठाकुर, कांग्रेस महासचिव महेश्वर सिंह चौहान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय पुरी, मीडिया पेनलिस्ट पुनीत मल्ली एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।