अपनी कमियां छुपाने के लिए झूठ का सहारा ले रहा विपक्ष
कोरोना महामारी को लेकर विपक्षी दल भाजपा सरकार पर बिना वजह आरोप लगा रहा है।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला : कोरोना महामारी को लेकर विपक्षी दल भाजपा सरकार पर बिना वजह के प्रश्नचिह्न लगा रहा है। हकीकत यह है कि अपनी कमियां छुपाने के लिए विपक्ष झूठे आरोप लगा रहा है। भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाले कांग्रेस नेता पहले गिरेबान में झांकें। यह बात वन एवं खेल सेवाएं मंत्री राकेश पठानिया ने शुक्रवार को धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री कोरोना संकट पर ओछी राजनीति कर रहे हैं। यह समय प्रदेश, देश ही बल्कि विश्व के लिए कठिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अगुवाई में हिमाचल प्रदेश ने इस महामारी पर काफी हद तक काबू पाया है। भाजपा ने कोरोना संक्रमण शुरू होते ही जिस स्तर पर भी लोगों की मदद की, बकायदा उसकी ई-बुक तैयार की है। उन्होंने कांग्रेस ने नेताओं से पूछा कि वह बताएं उन्होंने अभी तक कितने लोगों की सहायता की है।
मंत्री ने कहा कि भाजपा नेता लोगों की सहायता के लिए उनके बीच हैं। ऐसे में वह भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। लेकिन कांग्रेस बताए कि उसके नेता कहां-कहां जनता की सहायता के लिए आगे आए हैं। जो नेता अपने संगठन के साथ ही नहीं हैं वह जनता के साथ क्या होंगे। पूर्व कांग्रेस सरकार ने बिना बजट के शिलान्यास किए, जबकि भाजपा पैसे का इंतजाम करके ही नींव रखती है।
पठानिया ने कहा कि सितंबर में होने वाले विधानसभा सत्र में कांग्रेस को हर सवाल का जवाब बखूबी मिलेगा। ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए सरकार कई कदम उठा रही है। कुछ जगहों को चिह्नित भी किया गया है, ताकि क्षेत्रों को विकसित कर पर्यटन की दृष्टि से इन्हें विकसित किया जा सके। इस अवसर पर विधायक विशाल नैहरिया, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा भी मौजूद थे।