मिस्र व तुर्की से 1200 क्िवंटल प्याज पहुंचा मुंबई, हिमाचल के पांच हजार राशन डिपो में इस दिन से मिलेगा
Onions Import From Turkey हिमाचल प्रदेश में पांच हजार राशन डिपो में 65 रुपये प्रति किलो के हिसाब से दस जनवरी से प्याज मिलना शुरू हो जाएगा।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में पांच हजार राशन डिपो में 65 रुपये प्रति किलो के हिसाब से दस जनवरी से प्याज मिलना शुरू हो जाएगा। मिस्र और तुर्की से आयात किया गया 1200 क्विंटल प्याज की खेप मुंबई पहुंच गई है। समुद्र मार्ग से प्याज मुंबई पहुंचा है और अब जांच करने के बाद अब वहां से प्याज को हिमाचल प्रदेश के राशन डिपो में पहुंचाया जाएगा। मिस्र और तुर्की से आयात किए गए इस प्याज की खेप के समाप्त होने के बाद दूसरी खेप मंगवाई जाएगी, यदि प्याज के दामों में कोई गिरावट नहीं आती है।
हिमाचल सरकार ने खाद्य एवं आपूर्ति निगम के माध्यम से केंद्र सरकार को अपनी प्याज की आवश्यकता भेजी थी और अब इसकी खेप मुंबई पहुंची है। देश के विभिन्न राज्यों की मांग को पूरा करने के लिए मिस्र और तुर्की से प्याज खरीदकर लाया गया है। अब राज्य सरकारों को प्रदान किया जा रहा है। खाद्य एवं आपूर्ति निगम ने इस प्याज पर अपना मुनाफा भी निर्धारित किया है और इसके लिए 70 रुपये में बेचने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भेजा था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुनाफे को कुछ कम किया जा रहा है, जिससे लोगों को 65 रुपये प्रति किलो के हिसाब से उपलब्ध करवाया जा सके।
बिना राशन कार्ड के लिया जा सकेगा प्याज
बाजार में प्याज अभी भी 100 से 120 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मिल रहा है, जबकि राशन डिपो में आ रहा मिस्र और तुर्की का प्याज बिना राशन कार्ड के भी मिलेगा। यही नहीं सरकार ने प्याज की जितनी आवश्यकता है, उतना खरीदा जा सकेगा। हालांकि तीन-चार किलो से अधिक नहीं दिया जाएगा, जिससे इसका कोई भंडारण न कर सकें और अपने प्रयोग के लिए इस्तेमाल कर सकें।
मिस्र और तुर्की से आयात किया गया प्याज मुंबई पहुंच गया है और जल्द ही इसकी राशन डिपो में आपूर्ति शुरू हो सकेगी। -अमिताभ अवस्थी, सचिव खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले।