नड्डी में एक फीट बर्फबारी, धूप खिलते ही पहुंचने लगे सैलानी
दो दिन बर्फबारी के बाद बुधवार सुबह मौसम साफ हुआ है। लेकिन पर्यटकों को नड्डी पहुंचने के लिए पैदल सफर ही करना पड़ेगा।
जेएनएन, धर्मशाला। दो दिन बर्फबारी के बाद बुधवार सुबह मौसम साफ हुआ है। लेकिन पर्यटकों को नड्डी पहुंचने के लिए पैदल सफर ही करना पड़ेगा। नड्डी मार्ग पर आधा फीट से ज्यादा बर्फ जमी हुई है। मार्ग को बहाल करने का कार्य अभी तक शुरू नहीं किया गया है। ऐसे में पर्यटकों को नड्डी पहुंचकर बर्फ में मस्ती करने के लिए पैदल सफर ही करना पड़ेगा। सैलानियों ने धर्मशाला का रुख कर लिया है।
यह बर्फबारी होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए फायदेमंद साबित होगी। धर्मशाला के प्रमुख पर्यटन स्थल नड्डी, डल झील, धर्मकोट, भागसूनाग व मैक्लोडगंज बर्फ से सराबोर हो गए हैं। हालांकि अभी तक मैकलोडगंज में दो से तीन इंच ही बर्फ जम पाई है। धर्मशाला में 24 घंटों के दौरान 72.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मंगलवार शाम तक अधिकतम पारा 7.6 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 2.8 डिसे. रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा कई जगह बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कहां कितनी बर्फ गिरी
नड्डी में 1 फीट, भागसूनाग में 7 से 8 इंच, डल झील में आधा फीट व मैक्लोडगंज में 2 से 3 इंच तक बर्फ गिरी है।
बढ़ेगी पर्यटकों की तादाद
बर्फबारी के साथ वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या बढऩे की उम्मीद है। पर्यटकों के लगातार फोन आ रहे हैं। उम्मीद है कि पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और होटल कारोबारियों के साथ स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
-अश्विनी बांबा, अध्यक्ष होटल एंड रेस्तरां एसोसिएशन धर्मशाला।
कहीं बिजली गुल तो कहीं आंख मिचौली
बारिश व अंधड़ के कारण धर्मशाला, सैन्य क्षेत्र योल व समीपवर्ती पंचायतों में बिजली गुल रही। धर्मशाला में सोमवार रात 9.30 बजे बिजली गुल हो गई और सुबह 5 बजे आई। खनियारा क्षेत्र में सुबह 10 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। सकोह में भी यही आलम रहा। इसके अलावा योल व समीपवर्ती इलाकों में पिछले दो दिन से बिजली की आंख मिचौली से लोग परेशान रहे। तंगरोटी पंचायत के वार्ड तीन में टहनियां गिरने से लाइनें टूट गई हैं। स्थानीय बाशिंदों त्रिलोक चंद, रूपलाल, हरि ङ्क्षसह, बबलू, गुडू, प्रीतम चंद व अशोक ने विभाग से लाइनों को दुरुस्त करने की मांग की है। उधर, विद्युत परिषद योल अनुभाग के कनिष्ठ अभियंता संजीव रतरा ने बताया कि टहनियां गिरने से लाइनें गिरी हैं और इन्हें जल्द बहाल कर दिया जाएगा।
कांगड़ा में 14 घंटे बंद रही विद्युत आपूर्ति
लाइन में आए फाल्ट के कारण कांगड़ा में करीब 14 घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही। कांगड़ा के विवेकानंद विहार में मेन लाइन में फाल्ट पड़ गया और इस कारण सोमवार रात 8.30 बजे विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। इस कारण शहरवासियों को बिना बिजली के ही रात गुजारनी पड़ी। मंगलवार दोपहर 12 बजे के बाद बिजली बहाल हुई। मेन लाइन के पिन इंसुलेटर में तकनीकी खराबी के कारण कोई समस्या आ गई थी। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता प्रवीण धीामन ने बताया मंगलवार दोपहर आपूर्ति सुचारू कर दी थी।