एनपीएस कर्मचारी संघ पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए उतरेगा सड़क पर, जिलास्तर पर होंगे धरने
NPS Employees Union नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ ने मंगलवार को एसडीएम के माध्यम से पुरानी पेंशन बहाली करने के लिए प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। सरकार को कर्मचारियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पुरानी पेंशन तुरंत बहाल कर देनी चाहिए।
मंडी, जेएनएन। नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ ने मंगलवार को एसडीएम के माध्यम से पुरानी पेंशन बहाली करने के लिए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा प्रदेश के कर्मचारियों में नई पेंशन काे लेकर भारी आक्रोश है। सरकार को कर्मचारियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पुरानी पेंशन तुरंत बहाल कर देनी चाहिए। उन्होंने कहा दो अक्टूबर से संगठन लगातार पुरानी पेंशन बहाली के लिए अपने संघर्ष को और तेज कर रहा है।
यदि सरकार कोई कदम नहीं उठाती तो संगठन 24 अक्टूबर को प्रदेश के सभी 12 जिला मुख्यालय में धरना देंगे। उन्होंने कहा देश तथा प्रदेश में हर एक कर्मचारी पुरानी पेंशन चाहता है, यदि सरकार चाहे तो इसके लिए वह एक सर्वे भी करवा सकती है। उन्होंने कहा सरकार कर्मचारियों को जबरदस्ती नई पेंशन में धकेल रही है, जबकि नेता लोग खुद पुरानी पेंशन ले रहे हैं। उन्होंने कहा कर्मचारी इसका विरोध भविष्य में सड़कों पर उतर कर भी करने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा यदि कर्मचारियों की पेंशन बहाल नहीं होती तो वह भविष्य में विभिन्न आंदोलन पूरे प्रदेश और देश में करने जा रहे हैं। जिलाध्यक्ष लेखराज ने कहा पुरानी पेंशन कर्मचारियों का हक है, जो उन्हें देश के संविधान ने दिया है। देश और प्रदेश में जब नेता लोग पेंशन ले रहे हैं तो कर्मचारियों से यह हक क्यों छीना जा रहा है। महिला विंग की अध्यक्ष सुमिता ने कहा कि सरकार जल्द से जल्द पेंशन बहाल करे। इस मौके पर जिला प्रधान लेखराज ब्लॉक अध्यक्ष विद्यासागर, महासचिव महेश, महिला विंग अध्यक्ष सुमिता, उदय, विक्रांत, खेम सिंह, विवेक, विकास तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।