कांगड़ा चाय की नीलामी के लिए बनेगा ई-प्लेटफार्म; अब धर्मशाला में ही होगी बिक्री, पढ़ें पूरी खबर
कांगड़ा चाय की नीलामी के लिए ई-प्लेटफार्म बनाया जाएगा। ऐसा होने से परिवहन लागत बचेगी और इसे धर्मशाला में ही बेचा जा सकेगा।
पालमपुर, जेएनएन। टी बोर्ड ऑफ इंडिया कोलकाता के उपाध्यक्ष अरुण कुमार रे ने सोमवार को आइएचबीटी पालमपुर का दौरा कर कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कांगड़ा चाय की नीलामी के लिए ई-प्लेटफार्म बनाया जाएगा। ऐसा होने से परिवहन लागत बचेगी और इसे धर्मशाला में ही बेचा जा सकेगा। उन्होंने वैज्ञानिकों से कांगड़ा चाय पर किए जा रहे शोध के बारे में जाना और उन्हें कोलकाता में होने वाले चाय एक्सपो के लिए आमंत्रित किया।
उन्होंने कहा कटी हुई चाय की गुणवत्ता के आकलन के लिए देशभर में कृत्रिम बुद्धिमता का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने संस्थान को चाय का आकलन करने के लिए कहा, जो दार्जलिंग में लोकप्रियता हासिल कर रही है। टी बोर्ड ने टीआइ के माध्यम से हिमाचल चाय ब्रांडों को बढ़ावा देने की योजना बनाई है।
आइएचबीटी के निदेशक डॉ. संजय कुमार ने बताया कांगड़ा चाय का उत्पादन करीब 8.9 लाख किलो है। सीएसआइआर ने इसे बढ़ाकर 25 लाख किलो करने के लिए रोडमैप तैयार किया है। संस्थान के वैज्ञानिकों ने टी बोर्ड ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष को कांगड़ा चाय तैयार करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी।