कंगना का मुंबई दौरा कोविड-19 की रिपोर्ट पर निर्भर, जानिए क्या है पूरा मामला
बॉलीवुड स्टार कंगना रणौत का मुंबई दौरा कोविड टेस्ट पर निर्भर हो गया है।
मनाली,जेएनएन। बॉलीवुड स्टार कंगना रणौत का मुंबई दौरा कोविड टेस्ट पर निर्भर हो गया है। आज स्वास्थ्य विभाग ने कंगना सहित उनकी बहन रंगोली व पीए का कोविड टेस्ट लिया। हालांकि कंगना की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है ओर उन्होंने अधिकतर समय मनाली व मंडी के घर में ही काटा है जिससे उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आने की ही उमीद है लेकिन स्वास्थ्य विभाग की माने तो कंगना की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर ही अभिनेत्री मुंबई का रुख कर सकेगी। कंगना को गृह मंत्रालय द्वारा y श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। सुरक्षा कर्मी आज कंगना के घर मनाली पहुंच रहे हैं। हिमाचल सरकार ने कंगना को आज सुरक्षा प्रदान कर दी है। पुलिस के जवानों ने कंगना के घर के बाहर मोर्चा भी संभाल लिया है। पहले कंगना का कार्यक्रम आठ सितंबर को मनाली से जाने का था लेकिन अब कंगना अपनी बड़ी बहन रंगोली के साथ नौ सितंबर को मनाली से रवाना होंगी।
बीएमओ नग्गर डॉक्टर रणजीत नेगी ने बताया कि उन्होंने अभिनेत्री कंगना रनौत, बड़ी बहन रंगोली और कंगना के पीए का कोविड टेस्ट लिया है। उन्होंने बताया कि कल दोपहर बाद कोविड टेस्ट की रिपोर्ट आ जाएगी। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि कंगना को पुलिस सुरक्षा प्रदान कर दी गई है।