अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में छाई हिमाचल की निक्की, कनाडा में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का मिला पुरस्कार
Nikki Negi देवभूमि हिमाचल के किन्नौर की 22 वर्षीय निक्की नेगी ने ग्लोबल नान वायलेंट फिल्म समारोह कनाडा 2020 में अपने अभिनय का लोहा मनवाया है। नेगी ने शार्ट फिल्म लेममे टेल यूÓ में निभाए नेत्रहीन लड़की के किरदार से सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता है।
शिमला, यादवेन्द्र शर्मा। देवभूमि हिमाचल के किन्नौर की 22 वर्षीय निक्की नेगी ने ग्लोबल नान वायलेंट फिल्म समारोह कनाडा 2020 में अपने अभिनय का लोहा मनवाया है। नेगी ने शार्ट फिल्म 'लेममे टेल यूÓ में निभाए नेत्रहीन लड़की के किरदार से ग्लोबल नान वायलेंट फिल्म समारोह में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता है। उन्हें यह पुरस्कार आठ अक्टूबर 2020 को दिया गया। इस फिल्म समारोह के लिए पूरे विश्व से सिर्फ 30 शार्ट फिल्मों का चयन हुआ था, जिसमें भारत से एक मात्र यही फिल्म थी। इसका निर्देशन इरफान जामी ने किया है। 30 मिनट की इस शार्ट फिल्म में निक्की ने नेत्रहीन लड़की अनामिका का किरदार निभाया है। अनामिका ने दिव्यांग होते हुए भी चुनौतियों का सामना किया है।
माता-पिता और गुरु को दिया श्रेय, जिन्होंने जिंदगी में आगे बढऩे की प्रेरणा दी
निक्की नेगी ने उपलब्धि का श्रेय पिता विनोद कुमार और माता फूलमा देवी को दिया। इसके साथ ही अस्मिता थियेटर ग्रुप दिल्ली के अरविंद गौड़ को भी श्रेय दिया है, जिनसे अभिनय सीखा। निक्की नेगी ने बताया कि इस किरदार को निभाने के लिए दिल्ली आइआइटी में दिव्यांग छात्राओं से कई दिन तक मिली और उनकी समस्याओं, उनके जीवन जीने और रहन-सहन को देखा। फिल्म के निर्देशक इरफान जामी के पास भी वर्कशाप लगाई। किन्नौर के चगांव की रहने वाली निक्की नेगी ने दिल्ली पब्लिक स्कूल झाकड़ी (रामपुर) से स्कूल शिक्षा के बाद राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला से पढ़ाई की। वह अभी तक कई लघु फिल्मों में काम कर चुकी हैं। उनके नाम सात से अधिक अंतरराष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार हैं। सावधान इंडिया में भी निक्की नेगी ने अभिनय किया है। वह अभी दिल्ली में बहन के साथ रह रही हैं और जल्द मायानगरी मुंबई में भाग्य आजमाने के लिए जाएंगी।
शिमला के डा. विनोद ने दिया है संगीत
शार्ट फिल्म 'लेममे टेल यूÓ के लिए संगीत जिला शिमला के धरेच गांव के डा. विनोद गंधर्व ने दिया है। डा. विनोद ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से संगीत गायन में एमफिल गोल्ड मेडलिस्ट और दिल्ली विश्वविद्यालय से पीएचडी की है। उन्होंने धारावाहिक जोधा-अकबर के लिए संगीत व गायन के साथ महाबली हनुमान और महाभारत धारावाहिक के लिए संगीत दिया है। इसके अलावा इंडियन आइडल, सारेगामापा और लिटल चैंपस शो के निर्णायक मंडल में रह चुके हैं।