विशाल नैहरिया और रीना कश्यप ने ली विधायक पद की शपथ, देखिए तस्वीरों में
विधानसभा उपचुनाव जीतने वाले भाजपा नेता रीना कश्यप और विशाल नैहरिया ने सोमवार को विधायक पद की शपथ ग्रहण कर ली।
धर्मशाला/नाहन, जेएनएन। विधानसभा उपचुनाव जीतने वाले भाजपा नेता रीना कश्यप और विशाल नैहरिया ने सोमवार को विधायक पद की शपथ ग्रहण कर ली। सोमवार को सुबह विधानसभा सचिवालय में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने दोनों नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, आइपीएच मंत्री महेंद्र ठाकुर और विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज भी मौजूद रहे।
रीना कश्यप पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट पर उपचुनाव जीतकर आई हैं, जबकि धर्मशाला सीट से विशाल नैहरिया जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे हैं। 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में भी दोनों सीटें भाजपा ने ही जीती थी। लोकसभा चुनाव में पच्छाद के विधायक सुरेश कश्यप को भाजपा ने टिकट दिया था। उनके लोकसभा चुनाव जीतने पर विधानसभा की सीट खाली हुई थी।
इसी तरह प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री किशन कपूर को पार्टी ने कांगड़ा संसदीय सीट से चुनाव मैदान में उतारा था और वह भी जीत दर्ज कर संसद पहुंच गए। धर्मशाला सीट पर उपचुनाव में भाजपा ने युवा नेता विशाल नैहरिया को टिकट दिया। दोनों नेताओं ने आज विधायक पद की शपथ ले ली। इस मौके पर रीना कश्यप के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। वहीं विशाल नैहरिया के साथ पार्टी के कार्यकर्ता ही शिमला पहुंचे थे। धर्मशाला भाजपा जोरावर स्टेडियम में बड़ा समारोह करने जा रही है, ऐसे में इसी मंच पर बड़े नेता एकत्र होंगे।