Himachal Congress: न प्रत्याशी तय और न बड़ी रैलियां करवा पा रही कांग्रेस, दिल्ली की दौड़ में व्यस्त नेता
Himachal Congress Candidates विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक पारा चरम पर पहुंच गया है। कांग्रेस ने 10 गारंटी देकर टिकटों की घोषणा भी पहले करने की बात कही थी लेकिन अब पार्टी टिकट आवंटन में ही उलझ गई है। दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ता जमीन स्तर पर सक्रिय हैं।
शिमला, अनिल ठाकुर। Himachal Congress Candidates, विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक पारा चरम पर पहुंच गया है। कांग्रेस ने 10 गारंटी देकर टिकटों की घोषणा भी पहले करने की बात कही थी लेकिन अब पार्टी टिकट आवंटन में ही उलझ गई है। दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ता जमीन स्तर पर सक्रिय हैं। महिला सम्मेलन और जिलास्तर पर पार्टी की गतिविधियां चल रही हैं। केंद्रीय मंत्री भी हिमाचल में चुनावी माहौल बनाने में जुटे हुए हैं। भाजपा की इस रणनीति के आगे कांग्रेस बैकफुट पर है। वह न तो टिकट तय कर पा रही है, न ही बड़ी रैलियों की योजना बनी है। पहले प्रियंका गांधी वाड्रा की हमीरपुर व कांगड़ा में रैली प्रस्तावित थी, लेकिन इसकी भी तिथि तय नहीं हो पाई। बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने स्क्रीनिंग कमेटी व केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक कर प्रत्याशियों की सूची रोक दी है, उससे गतिरोध ज्यादा बढ़ रहा है।
नेता लगा रहे दिल्ली की दौड़
कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक सात अक्टूबर को दिल्ली में प्रस्तावित है। इसी बीच कई नेता दिल्ली में डेरा जमाए बैठे हैं। वहीं टिकट के चाह्वान भी अपने आकाओं के पास पहुंच गए हैं। शिमला शहर सहित प्रदेश के ऐसे कई विधानसभा क्षेत्र हैं, जहां पर खींचतान है। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के करीबी टिकट के लिए लाबिंग कर रहे हैं।
अब आठ को पालमपुर में प्रियंका की रैली प्रस्तावित
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की अब पालमपुर में आठ अक्टूबर को रैली प्रस्तावित बताई जा रही है। हालांकि इससे पहले कांगड़ा जिला में नवरात्र में रैली करवाने की योजना थी, लेकिन यह रैली नहीं हो पाई। इसके बाद सुजानपुर में भी रैली प्रस्तावित की गई, लेकिन प्रियंका वहां भी नहीं आईं।
अब सात को होगी कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक
दो अक्टूबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक स्थगित कर दी है। अब यह बैठक सात अक्टूबर को होगी। स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दास मुंशी के व्यस्त कार्यक्रम के कारण बैठक स्थगित की गई है। सात अक्टूबर को बैठक जल्दी खत्म हो जाती है तो इसी दिन केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी अन्यथा अगले दिन बैठक होगी। इसी दिन पार्टी प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है।
उदयनंद शर्मा को दिल्ली बुलाया
द्रंग विधानसभा क्षेत्र से टिकट के लिए आवेदन करने वाले कांग्रेस ट्रेनिंग कोआर्डिनेटर व युवा नेता उदयनंद शर्मा को दिल्ली बुलाया है। उदयनंद शर्मा शनिवार को दिल्ली में पार्टी प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल के साथ मुलाकात करेंगे। द्रंग से कौल सिंह ठाकुर, आश्रय शर्मा और उदयनंद शर्मा ने टिकट के लिए आवेदन किया था। उदयनंद शर्मा को दिल्ली बुलाने के बाद नई चर्चा शुरू हो गई है।