गाय को खुला छोड़ने पर उपजे विवाद में पड़ोसी ने दंपती पर तलवार से हमला कर किया लहूलुहान
पुलिस थाना कांगड़ा के तहत नंदेहड़ गांव में गाय को खुला छोडऩे पर उपजे विवाद में पड़ोसी ने तलवार से दंपती पर हमला कर दिया।
कांगड़ा, जेएनएन। पुलिस थाना कांगड़ा के तहत नंदेहड़ गांव में गाय को खुला छोडऩे पर उपजे विवाद में पड़ोसी ने तलवार से दंपती पर हमला कर दिया। हमले में पति पत्नी दोनों लहूलुहान हो गए। 40 वर्षीय रेखा देवी पत्नी राज कपूर निवासी गांव नंदेहड़ तहसील व जिला कांगड़ा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी पशुशाला में बंधी गाय को पड़ोसी जनकराज पुत्र जसवंत सिंह ने खुला छोड़ दिया। पूछने पर वह उसके पति से मारपीट करने पर उतारू हो गया।
आरोपित ने पति के सिर पर तलवार से हमला कर दिया। वह बीच बचाव करने गई तो उस पर भी आरोपित ने तलवार से वार कर दिया। इससे उसके सिर व बाएं बाजू पर चोट आई है। दोनों को डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में भर्ती किया गया है। राज कपूर की हालत गंभीर होने पर पुलिस उसका बयान नहीं ले पाई। डीएसपी कांगड़ा सुनील राणा ने बताया पुलिस ने रेखा देवी के बयान के आधार पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।