नगरोटा भाजपा की सरदारी तय, अधिकारिक घोषणा आज
नगरोटा बगवा भाजपा मंडल अध्यक्ष पद पर विनय चौधरी के नाम पर सहमति बनने पर सरदारी तय हो गई। हालांकि आधिकारिक रूप से घोषणा वीरवार को की जाएगी। श्री कृष्ण सनातन धर्म सामुदायिक भवन में चुनाव अधिकारी संजय
जागरण संवाददाता, नगरोटा बगवां : नगरोटा बगवा भाजपा मंडल अध्यक्ष पद पर विनय चौधरी के नाम पर सहमति बनने पर सरदारी तय हो गई। हालांकि आधिकारिक रूप से घोषणा वीरवार को होगी। श्री कृष्ण सनातन धर्म सामुदायिक भवन में चुनाव अधिकारी संजय चौधरी की देखरेख में आयोजित बैठक के दौरान मंडल अध्यक्ष पद के लिए हालांकि 22 कार्यकर्ताओं द्वारा इच्छा जाहिर करने के पश्चात वातावरण में यकायक परिवर्तन आ गया। एक साथ 22 लोगों द्वारा पद हासिल करने की लालसा को देख बंद कमरे में बैठक आयोजित की गई। इसमें संजय चौधरी ने किसी एक के नाम पर सहमति जताए जाने के लिए आग्रह किया। बंद कमरे में आयोजित बैठक में विधायक अरुण मेहरा को हस्तक्षेप करना पड़ा तथा कड़ी मशक्कत के बाद विनय चौधरी के नाम पर सहमति बन पाई। बैठक के बीच में पूर्व मंडल अध्यक्ष रही सुशीला भाटिया के साथ अनीता देवी तथा उमाकांत ने बाहर आकर आरोप लगाया कि किसी एक व्यक्ति के नाम को जबरदस्ती थोपा जा रहा है। नामांकन पत्र भरने के लिए फार्म ही मुहैया नहीं करवाए जा रहे। लोकतांत्रिक प्रणाली में यदि एक से अधिक कार्यकर्ताओं द्वारा इच्छा जाहिर की गई है तो इस दिशा में चुनाव को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। मंडल अध्यक्ष का नाम यदि पूर्व में ही तय किया जा चुका था तो अन्य कार्यकर्ताओं को आमंत्रित करने की क्या आवश्यकता थी।
विधायक अरुण मेहरा ने कहा कि भाजपा एक परिवार है एवं लोकतांत्रिक प्रणाली में प्रत्येक कार्यकर्ताओं को अपनी इच्छा जाहिर करने का अधिकार है जिस का आदर करते हुए सहमति बनाई गई।
संजय चौधरी ने कहा कि मंडल अध्यक्ष चुनाव के लिए विशाल चौहान को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया था, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में इस प्रक्रिया को अंजाम दिया गया। विनय चौधरी के नाम का एक ही नामांकन पत्र प्राप्त हुआ है जिसकी अधिकारिक रूप में मंडल अध्यक्ष के नाम की घोषणा वीरवार को की जाएगी।