पुणे में लाखों का सोना चुराकर हिमाचल पहुंचे चोर मुंबई पुलिस ने दबोचे
महाराष्ट्र के पुणे में करोड़ों रुपयों की चोरी की वारदात को अंजाम देकर अपने घर पहुंच गए ठगों को महाराष्ट्र पुलिस ने सोमवार को नगरोटा बगवां में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपितों को मोबाइल फोन लोकेशन ट्रेस करके गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों को महाराष्ट्र न्यायालय में पेश करने को ले गए हैं।
नगरोटा बगवां, जेएनएन। महाराष्ट्र के पुणे में लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम देकर घर पहुंचे शातिरों को महाराष्ट्र पुलिस ने सोमवार को नगरोटा बगवां में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों को मोबाइल फोन लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के लिए महाराष्ट्र ले गई है। नगरोटा बगवां के समीपवर्ती गांव रढ के त्रिलोक सिंह व लेखराज ने 21 सितंबर, 2018 को पुणे में एक घर में चोरी की थी।
आरोपितों ने घर से लाखों का सोना और करीब 15 हजार रुपये का मोबाइल फोन चुराया था और बाद में घर पहुंच गए थे। महाराष्ट्र पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर चोरी किए मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की। मोबाइल ट्रेसिंग के आधार पर सोमवार को महाराष्ट्र पुलिस की टीम सिविल कपड़ों में रढ पहुंची। यहां टीम ने नगरोटा बगवां थाना प्रभारी संदीप विनायक के साथ मिलकर दबिश दी। पहले तो बिना वर्दी पुलिस को देखकर गांववासियों ने विरोध किया। पुलिस अधिकारियों की ओर से पहचान पत्र दिखाए जाने के बावजूद मामला नहीं सुलझा तो नगरोटा बगवां पुलिस थाना को सूचना दी गई।
एसएचओ संदीप विनायक ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ पुणे पुलिस थाने में चोरी में संलिप्त होने का मामला दर्ज है। दोनों आरोपित पिछले कई सालों से मुंबई में काम करते थे। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन लोकेशन के आधार पर ही आरोपित पकड़ में आए हैं। उन्होंने बताया कि चोरी का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।