सुजानपुर, संवाद सहयोगी। Mukesh Agnihotri, सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए शनिवार को सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें मुख्यातिथि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने शिरकत की। मुकेश ने कहा कि भाजपा अब हिमाचल में अमेरिका के राष्ट्रपति को भी बुला ले तब भी सत्ता में नहीं आएगी। सत्ता बचाने के लिए भाजपा भरपूर कोशिश कर रही है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के अलावा प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा, प्रदेश प्रवक्ता प्रेम कौशल, अभिषेक राणा भी मौजूद रहे। इस दौरान मुकेश अग्निहोत्री का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा नेता सतपाल सत्ती के बयानों का जवाब देते हुए कहा कि अब केवल सत्ता के तीन माह शेष हैं और प्रदेश की जनता भाजपा को खुद जमीन दिखाएगी।
इसके अलावा सहेलियों के बयान पर कहा कि जिसके पास भी कोई सुबूत है तो वह बताए, नहीं तो इस तरह की बेतुकी बयानबाजी न करें। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के कोटखाई मामले के वाले बयान पर अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा को कोई अधिकार नहीं है कि वह इस पर बात भी करे क्योंकि डबल इंजन की सरकार ने पीडि़ता के स्वजन को न्याय नहीं दिलवाया।
एआइसीसी सचिव सुधीर शर्मा ने कहा कि इस बार प्रदेश से भाजपा की सरकार जाने वाली है, कार्यकर्ता तैयारी कर लें। विधानसभा चुनाव के लिए समय कम है और सुजानपुर से फिर राजेंद्र राणा जीतकर आएंगे।
इस मौके कांग्रेस नेता लेखराज ठाकुर ने कहा कि गांव-गांव तक पहुंचकर कार्यकर्ता कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाए। इस मौके बृजमोहन सोनी, मनोज ठाकुर, टोनी ठाकुर बलविंदर बबलू सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
चुनी सरकारों को अस्थिर करना भाजपा का एजेंडा : राणा
वहीं प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष एवं सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि चुनी हुई सरकारों को अस्थिर करना व अपना कब्जा जमाना भाजपा का एकमात्र एजेंडा है। इसके लिए भाजपा अपने धन-बल का भरपूर प्रयोग करती है। भाजपा सरकार बेरोजगारों को रोजगार देने में जहां नाकाम रही है वहीं कर्मचारियों की बात सुनना समझना तक नहीं चाह रही। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना लाकर चार साल के बाद युवाओं को बेरोजगार कर दिया जाएगा और यह देशहित में भी नहीं है। इनके अलावा कांग्रेस नेता अभिषेक राणा तथा ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति प्रकाश ने भी संबोधित किया।
a