देवर के साथ अवैध संबंध बनाते देख लिया तो मां ने कर दी सात साल के बेटे की हत्या Kangra News
Mother Killed Her Son अवैध संबंध के कारण मां ने अपने सात साल के बच्चे को ही मौत के घाट उतार दिया है।
इंदौरा, जेएनएन। पुलिस थाना इंदौरा के तहत पंचायत भोग्रवां के पलाख गांव में एक महिला ने सात साल के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और शव घर से थोड़ी दूर जंगल में फेंक दिया। महिला के पति ने पुलिस थाना इंदौरा में शिकायत की तो पूछताछ में महिला ने जुर्म कुबूल कर हत्या में देवर के भी शामिल होने की बात कही है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला के पति बलवंत सिंह के अनुसार उनके तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा सात वर्षीय युद्धवीर उर्फ विनय, चार वर्ष का बेटा और 18 माह की बेटी है। बलवंत सिंह का आरोप है कि पत्नी के उसके छोटे भाई (देवर) के साथ अवैध संबंध थे। युद्धवीर ने दोनों को पिछले दिनों आपत्तिजनक हालत में देख लिया था और इस बाबत घर में बताने की बात की थी। इसके बाद युद्धवीर घर से गायब था। शुक्रवार को बलवंत ने पुलिस थाना इंदौरा में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी और पत्नी और अपने भाई पर शक जाहिर किया था।
रिपोर्ट के आधार पर जब पुलिस ने बलवंत की पत्नी से पूछताछ की तो उसने जुर्म कुबूल कर लिया है। पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि उसने देवर के साथ मिलकर बेटे की हत्या कर शव जंगल में फेंका है। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से शव बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। इंदौरा के थाना प्रभारी सुरेंद्र धीमान ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेज दिया है।
तीन बच्चों की मां है महिला
महिला तीन बच्च्चों की मां थी, जिसमें से उसने एक की हत्या कर दी। हत्या में उसके देवर का भी हाथ बताया जा रहा है। महिला का बड़ा बेटा सात साल का था, उससे छोटा चार साल का और सबसे छोटी बेटी डेढ़ साल की है। महिला के इस कदम से पूरा परिवार बिखर गया है। बीते कल ही इंदौरा क्षेत्र में ही देवर द्वारा भाभी से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। और अब यह बड़ी वारदात सामने आई है।
यह भी पढ़ें : गंगथ में व्यक्ित ने खेत जा रही चचेरे भाई की पत्नी से किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपित पकड़ा