विद्युत तकनीकी कर्मियों को मिलेगा मोबाइल भत्ता : अनिल
ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि प्रदेश के विद्युत तकनीकी कर्मचारियों को भविष्य में खतरा एवं मोबाइल भत्ता प्रदान किया जाएगा।
जेएनएन, नगरोटा बगवां। ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने कहा प्रदेश के विद्युत तकनीकी कर्मचारियों को भविष्य में खतरा व मोबाइल भत्ता प्रदान किया जाएगा। जूनियर टीमेट को पांच साल की बजाय तीन साल में टीमेट का दर्जा दिया जाएगा। प्रदेश में टीमेट के 80 फीसद की जगह 100 फीसद पद भरे जाएंगे।
उन्होंने मानव रहित विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने व 60 पद सृजित करने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समक्ष अन्य मांगों को रखकर अमलीजामा पहनाने का प्रयास किया जाएगा। यह जानकारी ऊर्जा मंत्री ने सोमवार को प्रदेश विद्युत परिषद तकनीकी कर्मचारी संघ के नगरोटा बगवां में आयोजित आठवें अधिवेशन में दी। अधिवेशन की अध्यक्षता तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष मोहन ठाकुर ने की तथा विधायक अरुण मेहरा विशेष रूप से मौजूद रहे।
ऊर्जा मंत्री ने कहा विद्युत तकनीकी कर्मचारियों की प्रदेश के विकास में अहम भूमिका रहती है। पहाड़ी क्षेत्र में बिजली पहुंचाना कर्मचारियों की वजह से संभव हो पाया है। वहीं अखिल भारतीय मजदूर संघ के संगठन मंत्री एवं उत्तरी क्षेत्र के प्रभारी रामदास पांडे ने ऊर्जा मंत्री के सामने प्रदेश सरकार को कोसा। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार पर अफसरशाही हावी नजर आ रही है। क्योंकि जुलाई में मुख्यमंत्री को मांगपत्र सौंपा था पर कोई कार्रवाई न होने पर अक्टूबर में दोबारा मांगपत्र सौंपा गया।
मुख्यमंत्री ने 15 दिन में चर्चा करने का आश्वासन दिया था परंतु तीन महीने बाद भी चर्चा नहीं हो पाई। कार्यक्रम में अखिल भारतीय मजदूर संघ के संगठन मंत्री रामदास पांडे, कार्यकारी अध्यक्ष अमर ¨सह, विद्युत मजदूर महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा, जिला अध्यक्ष मदन राणा, संगठन मंत्री लक्ष्मण कापटा, महासचिव दुनी चंद ठाकुर मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नहीं आ पाए
प्रदेश विद्युत परिषद तकनीकी कर्मचारी संघ के अधिवेशन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करनी थी। लेकिन मौसम खराब होने के कारण बिलासपुर से हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इस कारण मुख्यमंत्री कार्यक्रम में भाग नहीं ले सके।