पुलिस थाने से चंद दूरी पर चक्की दरिया में सरेआम हो रहा खनन, पंजाब का माफिया दिन-रात रेत निकालने में जुटा
Chakki Khad Mining ठाकुर राम गोपाल मंदिर की भूमि पर चक्की दरिया में डमटाल में सुबह-शाम पंजाब व माजरा के लोग खनन कर रहे हैं। उपमंडल इंदौरा के तहत आने वाले ठाकुर राम गोपाल मंदिर की भूमि पर प्रशासन की गश्त के बावजूद खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं।
ढांगूपीर, जेएनएन। ठाकुर राम गोपाल मंदिर की भूमि पर चक्की दरिया में डमटाल में सुबह-शाम पंजाब व माजरा के लोग खनन कर रहे हैं। उपमंडल इंदौरा के तहत आने वाले ठाकुर राम गोपाल मंदिर की भूमि पर प्रशासन की गश्त के बावजूद खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं। माफिया सरेआम यहां खनन कर रहा है। यहां हिमाचल पंजाब सीमा पर सटे सीमावर्ती गांव माजरा में पंजाब से आने वाले ट्रैक्टर मालिक सरेआम खनन कर रहे हैं। न तो कभी मंदिर प्रशासन और न ही किसी खनन अधिकारी द्वारा अवैध खनन माफिया पर लगाम लगाई गई है।
मात्र दो किलोमीटर दूर पुलिस थाना और तीन किलोमीटर पुलिस चौकी ढांगू पीर है। लेकिन बावजूद इसके खनन बदस्तूर जारी है। पुलिस प्रशासन की ओर से साख बचाने के लिए कभी-कभार नाममात्र जुर्माना कर दिया जाता है। खनन माफिया पर कोई बड़ी कार्रवाई आज तक अमल में नहीं लाई गई है। खनन अधिकारी नीरज कांत का कहना है जल्द ही चक्की दरिया डमटाल व माजरा में खनन माफिया के चोर रास्तों को बंद कर दिया जाएगा।
सीमावर्ती क्षेत्र में पंजाब का खनन माफिया पूरी तरह से सक्रिय है। पुलिस की ओर से बड़ी कार्रवाई न किए जाने से इनके हौसले बुलंद हैं। जिला कांगड़ा सहित ऊना में पंजाब से सटे इलाकों में भी खनन हो रहा है।