राजगढ़ के सनोरा में रजाई गद्दे बनाने वाली फैक्ट्री में लगी आग 9 लाख रुपये का नुकसान
राजगढ़ उपमंडल के सनौरा में शनिवार तड़के 310 बजे रजाई गद्दे बनाने की एक छोटी फैक्ट्री आग की भेंट चढ़ गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फिरोज ने बताया कि वह रात साढ़े 11 बजे फैक्ट्री बंद करके सो गया था।
राजगढ़, संवाद सूत्र। राजगढ़ उपमंडल के सनौरा में शनिवार तड़के 3:10 बजे रजाई, गद्दे बनाने की एक छोटी फैक्ट्री आग की भेंट चढ़ गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फिरोज ने बताया कि वह रात साढ़े 11 बजे फैक्ट्री बंद करके सो गया था। करीब तीन बजे उन्हें कमरे में कुछ गर्मी महसूस हुई और आंख खुलते ही उन्होंने फैक्ट्री में आग का भयानक मंजर देखा। जिसमें रजाई गद्दे, रूई, तकिए, मशीनरी व अन्य सामान जल कर राख हो रहा था। फिरोज जान बचाकर बाहर निकला और आस-पड़ोस के लोगों व पुलिस को सूचित किया। सुचना मिलने ही यशवंत नगर पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई चेतन चौहान टीम सहित मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया गया।
जब तक सोलन से फायर ब्रिगेड पहुंची, तब तक सारा सामान जल कर राख हो चुका था। बीते तीन वर्ष फिरोज पुत्र नौशाद निवासी पीपला तहसील जहांगीर जिला बिजनौर यूपी द्वारा यहां पर रजाई गद्दे का काम शुरू किया गया था। प्रथम दृष्या में राजस्व विभाग द्वारा करीब नौ लाख का नुकसान आंका गया है। राजगढ़ के एसडीएम यादविंद्र पाॅल ने पुष्टि करते हुए बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। एसडीएम द्वारा घटनास्थल का दौरा किया गया और प्रभावित परिवार को फौरी राहत के रूप में 11 हजार की राशि मौके पर प्रदान की गई। पुलिस द्वारा आगजनी की घटना की गहनता से जांच की जा रही है।
पांवटा साहिब में अवैध नशीले कैप्सूल बेचते हुए नाहन का व्यक्ति गिरफ्तार
नाहन: सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन का एक व्यक्ति पांवटा साहिब के बातापुल के नजदीक किराए के मकान में रहकर नशीले कैप्सूल बेचने का अवैध कारोबार कर रहा था। पांवटा में गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नशीले कैप्सूल का कारोबार करने वाले को खेप सहित काबू किया जा सकता है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कमरे की तलाशी ली, तो इस दौरान 348 कैप्सूल बरामद किए गए। हालांकि, पुलिस आरोपी की पहचान का खुलासा नहीं कर रही है, लेकिन 33 साल के आरोपी का नाम चेतन बताया जा रहा है। उधर, पांवटा साहिब के डीएसपी वीर बहादुर ने पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी से ये पता लगान की कोशिश की जा रही है कि कैप्सूल कहां से खरीद कर ला रहा है, कब से इस धंधे में संलिप्त है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। आरोपी ने नशीले कैप्सूल की खेप को फ्रिज में छिपाकर रखा हुआ था।