Mandi By Election: बैलेट पेपर व ईवीएम में पहले व दूसरे स्थान पर रहेंगे भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी के नाम
Mandi By Election भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर का नाम बैलेट पेपर व ईवीएम पर सबसे ऊपर होगा। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह का नाम होगा। तीसरे स्थान पर राष्ट्रीय लोक नीति पार्टी की अंबिका सूद चौथे पर हिमाचल जनक्रांति पार्टी के मुंशी राम का नाम होगा।
मंडी, जागरण संवाददाता। Mandi By Election, भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर का नाम बैलेट पेपर व ईवीएम पर सबसे ऊपर होगा। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह का नाम होगा। तीसरे स्थान पर राष्ट्रीय लोक नीति पार्टी की अंबिका सूद, चौथे पर हिमाचल जनक्रांति पार्टी के मुंशी राम, पांचवें स्थान पर निर्दलीय अनिल कुमार व छठे स्थान पर सुभाष मोहन स्नेही का नाम होगा।
मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में सभी छह प्रत्याशियों के नामांकन पत्र छंटनी में सही पाए गए हैं। सोमवार को सामान्य पर्यवेक्षक दिल राज सिंह, व्यय पर्यवेक्षक विमल कुमार मीणा व प्रत्याशियों के चुनाव एजेंट की उपस्थिति में निर्वाचन अधिकारी अरिंदम चौधरी के कार्यालय में नामांकन पत्रों की छंटनी हुई।
भाजपा प्रत्याशी बिग्रेडियर खुशाल ठाकुर, कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह, हिमाचल जनक्रांति पार्टी के मुंशी राम, राष्ट्रीय लोकनीति पार्टी की अंबिका श्याम, निर्दलीय सुभाष मोहन स्नेही व अनिल कुमार का नामांकन पत्र सही पाया गया। दोनों प्रमुखों दलोंं के प्रत्याशियों के नाम सही पाए जाने पर कवरिंग प्रत्याशी भाजपा की प्रियंता शर्मा व कांग्रेस के सुंदर ठाकुर का नामांकन स्वत: खारिज हो गया है।
कोई भी प्रत्याशी 13 अक्टूबर दोपहर बाद तीन बजे तक अपना नामांकन पत्र वापस ले सकता है। चुनावी मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों को उसी दिन चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया जाएगा। इनमें भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशी का चुनाव चिह्न वही रहेगा जो पार्टी का निशान है।
मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए किया जाएगा प्रोत्साहित
सुंदरनगर। सुंदरनगर से सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) कार्यक्रम शुरू हुआ। एसडीएम धर्मेश कुमार ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या सुंदरनगर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रैली लोक निर्माण विभाग रेस्ट हाउस चौक, भोजपुर बाजार से लेकर पुराना बस स्टैंड होते हुए वापस स्कूल पहुंची। एसडीएम ने कहा कि स्वीप के तहत जागरूकता अभियान 27 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। अभियान में मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस मौके पर कन्या स्कूल सुंदरनगर प्रधानाचार्य मनोज वालिया, स्वीप नोडल अधिकारी लेखराज, स्वीप कमेटी सदस्य प्रवक्ता प्रेम सिंह, सुनीता हिमालयन, रेणू लता, डाक्टर राकेश शर्मा, गोपाल ठाकुर, कर्म चंद, डीएम दिनेश शर्मा, पीईटी नरेंद्र, डीपी कामना व अन्य मौजूद रहे।