हिमाचल के डिपुओं में मिल रहा घटिया राशन, आटे में नमी व चावलों में कंकड़; अब तक इतने सैंपल फेल
डिपुओं में लोगों को नमी और ज्यादा चोकर वाला आटा कंकड़ वाले टूटे हुए चावल मुहैया करवाए जा रहे हैं।
शिमला, यादवेंद्र शर्मा। डिपुओं में लोगों को नमी और ज्यादा चोकर वाला आटा, कंकड़ वाले टूटे हुए चावल मुहैया करवाए जा रहे हैं। सस्ते राशन के नाम पर राशनकार्ड धारकों को घटिया खाद्य वस्तुएं दी जा रही हैं। यह खुलासा खाद्य-आपूर्ति विभाग द्वारा प्रदेश के सस्ते राशन के डिपुओं से लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट में हुआ है। डिपुओं में आपूर्ति होने वाली खाद्य वस्तुओं के 69 सैंपल फेल हुए हैं। सबसे ज्यादा आटे के 37 सैंपल फेल हुए हैं, चावल के 15 और चीनी के छह सैंपल हैं।
खाद्य-आपूर्ति विभाग ने पौने दो साल केदौरान खाद्य वस्तुएं के 2686 सैंपल भरे हैं। इनमें से 2617 सैंपल पास, जबकि 69 सैंपल फेल हुए हैं। इतने सैंपल फेल होने पर कंपनियों को ब्लैकलिस्ट तो नहीं किया गया, लेकिन सिक्योरिटी जब्त करने के साथ लाखों का जुर्माना अवश्य लगाया गया है। आटा, चावल, चीनी और दालों के सैंपल फेल होने पर 1.70 लाख की सिक्योरिटी जब्त की गई है, जबकि 6.44 लाख का जुर्माना सामान की आपूर्ति करने वाली कंपनियों और आटा मिलों पर लगाया गया है। प्रदेश में करीब पांच हजार सस्ते राशन के डिपो से साढ़े 18 लाख राशन कार्ड धारकों को सस्ता राशन दिया जा रहा है। खाद्य-आपूर्ति विभाग के अलावा खाद्य-आपूर्ति निगम भी अलग से सैंपल ले रहा है और उन फेल हुए सैंपलों को मिला दिया जाए तो यह आंकड़ा 125 के करीब है।
डिपुओं में राशनकार्ड धारकों को मुहैया करवाए जाने वाली खाद्य वस्तुओं के सैंपल लिए जा रहे हैं। सैंपल फेल होने पर सिक्योरिटी को जब्त करने के साथ जुर्माना भी लगाया गया है। -मदन चौहान, निदेशक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग।
पौने दो वर्षों के दौरान खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा लिए गए सैंपल और उनकी रिपोर्ट और सामान के दाम प्रति किलो के आधार पर
- खाद्य वस्तुएं,सैंपल लिए,पास,फेल,दाम डिपो में
- चावल,269,254,15,10.00
- गेहूं,166,164,02,2.00
- आटा,634,597,37,8.60
- चीनी,63,57,06,24.00
- तेल,131,130,01,70.00
- नमक,113,112,01,4.00
- मूंग,196,195,01,40.00
- उड़द दाल,339,334,05,35.00
- मलका,298,297,01,30.00